October 31, 2026 4:52 pm

October 31, 2026 4:52 pm

बाबूगिरी हिंदी डॉट कॉम पर पढ़े पंचकूला की खबरे,

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, स्वयं भी दौड़ में लिया भाग

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री ने दिया एकता और अखंडता का संदेश विकसित हरियाणा के साथ सशक्त भारत के निर्माण में दें योगदान,
मुख्यमंत्री ने किया आह्वान सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाकर राष्ट्रीय एकता को करें मजबूत: मुख्यमंत्री

रमेश गोयत
पंचकूला , 31 अक्तूबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने  लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों से विकसित हरियाणा के साथ-साथ सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी संदेश को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें तथा अफवाहों और भेदभाव को बढ़ावा देने वाली बातों से बचें। उन्होंने कहा कि युवाओं के छोटे-छोटे जिम्मेदार कदम समाज में विश्वास और सद्भाव को बढ़ावा दे सकते हैं। मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी, सेक्टर-1, पंचकूला में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की और स्वयं भी ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभक्ति के उत्साह और भारत की एकता के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ आयोजित इस दौड़ का संदेश पूरे देश में जाएगा कि हम सब एक हैं और भारत की एकता एवं अखंडता को सदैव अक्षुण्ण रखेंगे।  नायब सिंह सैनी ने कहा कि आजादी के समय भारत के सामने अनेक चुनौतियां थीं। देश विभाजन की पीड़ा से गुजर रहा था और सैकड़ों रियासतों को एक राष्ट्र के सूत्र में पिरोने का कठिन दायित्व सामने था। स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल ने अपनी दूरदृष्टि, संवाद कौशल और दृढ़ इच्छाशक्ति से 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने आधुनिक भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, नीयत साफ हो और राष्ट्रहित सर्वोपरि हो, तो असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जनसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की विरासत को अपने आचरण में उतारने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारी भाषाएं, पहनावे और परंपराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारा संविधान, हमारा तिरंगा और हमारी राष्ट्रीय पहचान हमें एक सूत्र में बांधते हैं। प्रत्येक भाषा और संस्कृति का सम्मान करके तथा एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहभागी बनकर हम राष्ट्रीय एकता को अपने दैनिक जीवन में और मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरित ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाया है। विभिन्न राज्यों की भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के बीच संवाद एवं आत्मीयता बढ़ाने का यह प्रयास देशवासियों को एक-दूसरे के और निकट लाता है। गुजरात में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके विराट योगदान का स्मारक है। यह हमें याद दिलाती है कि एकजुट राष्ट्र अपने परिश्रम और संकल्प से कितनी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लिए राष्ट्रसेवा गौरवशाली परंपरा रही है। हमारे जवान सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं, किसान खेतों में परिश्रम करते हैं और खिलाड़ी विश्व के खेल मैदानों में तिरंगे का मान बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि कल, एक नवंबर को हरियाणा अपने गठन के 60 वर्ष पूरे करेगा। इस अवसर की पूर्व संध्या पर हम सभी संकल्प लें कि प्रदेश की प्रगति के साथ-साथ देश की एकता को भी और मजबूत करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई। ‘रन फॉर यूनिटी’ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच युवाओं एवं बच्चों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संदेश देते हुए दौड़ लगाई। यह दौड़ एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी, सेक्टर-1, पंचकूला से शुरू होकर माता मनसा देवी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद  रेखा शर्मा, कालका की विधायक  शक्ति रानी शर्मा, उपायुक्त  सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त  पंकज नैन, अतिरिक्त उपायुक्त  विवेक आर्य, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष  अजय मित्तल, हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन  जसमेर बंजारा, एसडीएम पंचकूला सुश्री मन्नत राणा, एसडीएम कालका संयम गर्ग सहित भारी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

भीख मांगने और बाल श्रम में लिप्त बच्चों के पुनर्वास के लिए पंचकूला में 2 से 12 नवंबर तक चलेगा विशष अभियान

आयोग की अध्यक्ष तृप्ति हरिपाल श्योराण ने अधिकारियों के साथ की बैठक, बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस

बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 31 अक्टूबर : हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष सुश्री तृप्ति हरिपाल श्योराण ने कहा कि भीख मांगने वाले तथा सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षित परिस्थितियों में पाए जाने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित वातावरण, आवश्यक संरक्षण और बेहतर भविष्य प्रदान करने के उद्देश्य से पंचकूला जिले में 2 से 12 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किए जा रहे इस अभियान की सफलता के बाद इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज सुश्री तृप्ति श्योराण ने लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए तथा संबंधित विभागों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ट्रैफिक सिग्नलों, सड़क चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्कों, पर्यटन स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक एवं व्यावसायिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस दौरान संरक्षण एवं सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उनके पुनर्वास और शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, बच्चों के शोषण अथवा उनसे जबरन भीख मंगवाए जाने की आशंका वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ट्रैफिक सिग्नलों पर भीख मांगते बच्चों की सूचना 112 पर देने के निर्देश आयोग की अध्यक्ष ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि यदि कोई बच्चा ट्रैफिक सिग्नल पर भीख मांगता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत 112 पर दी जाए, ताकि बच्चे को इस अमानवीय गतिविधि से बचाकर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाया जा सके और उसे शिक्षा के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान समाप्त होने के बाद भी ट्रैफिक सिग्नलों पर निगरानी जारी रखी जाए, ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। बच्चों के साथ अभिभावकों की काउंसलिंग पर भी जोर उन्होंने जिला बाल कल्याण परिषद को बाल मजदूरी से मुक्त करवाए गए बच्चों के पुनर्वास के लिए बाल देखभाल केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में पहले से रह रहे बच्चों को भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, परिषद में लाए जाने वाले बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों की भी काउंसलिंग की जाए और उन्हें बच्चों के पुनर्वास के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं सहायता सुविधाओं की जानकारी दी जाए। जनभागीदारी से खत्म होगी भीख मांगने और देने की प्रवृत्ति आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों का आपसी तालमेल बेहद जरूरी है। भीख मांगने और बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए जनजागरूकता भी अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने बैठक में उपस्थित एनजीओ प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे विशेषकर स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के माध्यम से जागरूक करें, ताकि बच्चों से भीख मंगवाने की प्रवृत्ति के साथ-साथ भीख देने की आदत को भी हतोत्साहित किया जा सके। बैठक में पुलिस, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, बाल कल्याण समिति, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मंडियों में सुचारू रूप से चल रहा है धान की खरीद और उठान का कार्य
अब तब पंचकूला की मंडियों में 71080 मीट्रिक टन धान की खरीद और 55570 मीट्रिक टन धान का हुआ उठान

पंचकूला, 31 अक्तूबर- जिला में खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान सरकारी खरीद एजंसियों द्वारा धान की खरीद का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। अब तब जिला में 71080 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। वही 55570 मीट्रिक टन धान का उठान किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 में जिला में दो सरकारी खरीद एजंसियों- हैफेड तथा हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन द्वारा धान की खरीद की जा रही है। उन्होने बताया कि हैफेड द्वारा पंचकूला अनाज मंडी में 8000 मीट्रिक टन, बरवाला में 22600 मीट्रिक टन और रायपुररानी में 13982 मीट्रिक टन, एचएसआईआईडीसी अलीपुर में 6030 मीट्रिक टन और एचएसआईआईडीसी रायपुररानी में 2698 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। इसी प्रकार हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा बरवाला में 9250 मीट्रिक टन और रायपुररानी में 8520 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई। उन्होंने बताया कि वहीं हेफेड द्वारा पंचकूला अनाजमंडी से 4316 मीट्रिक टन, बरवाला अनाज मंडी मे 17750 मीट्रिक टन, रायपुररानी अनाजमंडी से 11939 मीट्रिक टन और एचएसआईआईडीसी अलीपुर द्वारा 5350 मीट्रिक टन धान और एचएसआईआईडीसी रायपुररानी से 2237 मीट्रिक टन धान का उठान किया गया। इसी दौरान हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा बरवाला से 6343 मीट्रिक टन और रायपुररानी से 7635 मीट्रिक टन धान का उठान किया गया है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 4 2 5 6 3
Total Users : 442563
Total views : 702646

शहर चुनें