August 29, 2026 12:24 pm

August 29, 2026 12:24 pm

चंडीगढ़: कबड्डी खिलाड़ी राणा बालाचौरिया हत्याकांड में बड़ा खुलासा, फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

मोहाली/चंडीगढ़। मोहाली में चर्चित कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर राणा बालाचौरिया हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक करण पाठक उर्फ करण डिफॉल्टर पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है।

सीआईए हिरासत से फरार हुआ था आरोपी
मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि राणा बालाचौरिया की हत्या के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सीआईए हिरासत में रखकर पूछताछ की जा रही थी।
देर रात करण पाठक ने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी।
कोहरे में हुआ हादसा, हथकड़ी छुड़ाकर भागा आरोपी
एसएसपी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे घने कोहरे के कारण पुलिस वाहन डिवाइडर से टकरा गया। वाहन रुकते ही आरोपी करण पाठक ने मौके का फायदा उठाते हुए एक पुलिसकर्मी की हथकड़ी से खुद को छुड़ाया और फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने तुरंत राज्यभर में अलर्ट जारी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सुबह मुठभेड़, आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
सुबह करीब 6 बजे पुलिस की एक टीम ने आरोपी करण पाठक को देखा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पहली गोली आरोपी के पैर में लगी, लेकिन इसके बावजूद उसने 8 से 9 राउंड फायर किए।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल आरोपी को मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उसे सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
12 जनवरी को हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने 12 जनवरी को बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के हावड़ा से इस हत्याकांड में शामिल दो शूटर—करण पाठक उर्फ करण डिफॉल्टर और तरनदीप सिंह को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा, विदेश में बैठे हैंडलर अमर खाबे राजपूत के करीबी रिश्तेदार आकाश को भी पकड़ा गया था।
यह ऑपरेशन पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने सिक्किम पुलिस, मुंबई पुलिस, पश्चिम बंगाल STF और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से अंजाम दिया था।
कैसे हुई थी राणा बालाचौरिया की हत्या
15 दिसंबर 2025 को मोहाली के सोहाना, सेक्टर-79 में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हमलावरों ने सेल्फी लेने के बहाने राणा बालाचौरिया के पास पहुंचकर उन पर गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।
कौन थे राणा बालाचौरिया
पूरा नाम: कुंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बालाचौरिया
निवासी: बालाचौर, नवांशहर जिला
पेशा: कबड्डी खिलाड़ी, प्रमोटर
शादी: हत्या से महज 11 दिन पहले, 4 दिसंबर को देहरादून की युवती से विवाह
रिसेप्शन: 6 दिसंबर
खेल और ग्लैमर की दुनिया से जुड़ाव
राणा बालाचौरिया पहले कुश्ती खिलाड़ी थे, बाद में उन्होंने कबड्डी को करियर बनाया। उन्होंने अपनी खुद की कबड्डी टीम भी बनाई थी।
इसके साथ ही उन्हें मॉडलिंग और म्यूजिक इंडस्ट्री में भी रुचि थी।
राणा के दोस्त जगदीप सिंह के मुताबिक, उन्हें महंगी गाड़ियों और हथियारों का शौक था और वे जीवन को पूरे शौक से जी रहे थे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 3 1 3
Total Users : 400313
Total views : 645919

शहर चुनें