November 27, 2026 5:00 pm

November 27, 2026 5:00 pm

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग का चौथा वार्षिक धार्मिक समागम आयोजित

हजूरी रागी भाई सरूप सिंह के जत्थे ने किया शब्द गायन
चंडीगढ़, 20 जनवरी: पंजाब के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा आज पंजाब सिविल सचिवालय-1 स्थित गुरुद्वारा साहिब में चौथा वार्षिक धार्मिक समागम श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। यह समागम दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को समर्पित रहा और नए वर्ष के स्वागत के अवसर पर आयोजित किया गया।
धार्मिक समागम के दौरान श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई सरूप सिंह जी के जत्थे द्वारा रसमयी कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिससे संगत भाव-विभोर हो उठी। इससे पूर्व श्री सुखमनी साहिब का पाठ किया गया और सरबत के भले के लिए अरदास की गई। समागम उपरांत गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, स. गुरमीत सिंह खुड्डियां तथा स. हरदीप सिंह मुंडियां, आम आदमी पार्टी के जनरल सेक्रेटरी व मीडिया इंचार्ज बलतेज सिंह पन्नू सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त लोक संपर्क विभाग के सचिव रामवीर, आम राज प्रबंध की सचिव गौरी पराशर जोशी, स्पेशल डीजीपी स. अमरदीप सिंह राय, मुख्यमंत्री के ओएसडी (मीडिया) अमनजोत सिंह, डायरेक्टर मीडिया कम्युनिकेशन अनिल सैनी, लोक संपर्क विभाग की डायरेक्टर डॉ. अक्षिता गुप्ता, अतिरिक्त डायरेक्टर संदीप सिंह गढ़ा, डिप्टी सेक्रेटरी दीपांकर गर्ग, संयुक्त सचिव तेजदीप सिंह सैनी, एडीओ-1 सुखविंदर सिंह, राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत सिंह संधू तथा डॉ. निर्मल जौरा ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
धार्मिक समागम में पंजाब सिविल सचिवालय-1 व 2, सीआईएसएफ, पंजाब विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारी, लोक संपर्क विभाग के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त अधिकारी तथा मीडिया कर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विभाग के समूह स्टाफ द्वारा स्वयं लंगर सेवा निभाई गई।

दस्तारों का विशेष लंगर आकर्षण का केंद्र
समागम की एक विशेष बात यह रही कि इस अवसर पर दस्तारों का विशेष लंगर लगाया गया। विभाग के पूर्व कर्मचारी एवं प्रवासी पंजाबी आलीशान नरूला द्वारा दस्तारों की सेवा की गई। समूह स्टाफ ने रंग-बिरंगी दस्तारें सजाकर संगत को सेवा प्रदान की, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 3 1 5 5
Total Users : 463155
Total views : 731720

शहर चुनें