2000 पुलिस टीमें मैदान में, 60 विदेशी गैंगस्टरों के नेटवर्क पर छापेमारी
एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 शुरू, सूचना देने पर 10 लाख तक इनाम
डीजीपी गौरव यादव का सख्त संदेश: मुख्यधारा में लौटें, वरना कानून का सामना करें
चंडीगढ़, 20 जनवरी: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के लिए ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत गैंगस्टरों के खिलाफ निर्णायक जंग छेड़ दी है। नशों के खिलाफ चलाए गए अभियान ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ की बड़ी सफलता के बाद अब पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरवाद के पूरे इकोसिस्टम को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है।
इस अभियान की जानकारी देते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि राज्यभर में 72 घंटे तक चलने वाले ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस दौरान 12,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती वाली 2000 से अधिक पुलिस टीमें विदेशों में बैठे 60 कुख्यात गैंगस्टरों से जुड़े साथियों और ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं।
पंजाब पुलिस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट (पीपीओआई) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर यह कार्रवाई पूरी तरह रणनीतिक और सुव्यवस्थित तरीके से की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि गैंगस्टरवाद के पूरे नेटवर्क—वित्तीय संसाधन, लॉजिस्टिक्स, हथियार सप्लाई चेन, शरणस्थल और संचार तंत्र—को पूरी तरह ध्वस्त करना है।
डीजीपी ने विदेशों में बैठे गैंगस्टरों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि वे खुद को सुरक्षित न समझें। पंजाब पुलिस उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे 60 गैंगस्टरों की पहचान की गई है, जो विदेशों से पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं।
गैंगस्टरों की प्रत्यर्पण प्रक्रिया को तेज करने के लिए ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (OFTES) का गठन किया गया है, जिसकी अगुवाई डीआईजी काउंटर इंटेलिजेंस आशीष चौधरी कर रहे हैं। डीजीपी ने बताया कि इनमें से 23 गैंगस्टरों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए जा चुके हैं या प्रक्रिया में हैं, जबकि शेष 37 के लिए अगले तीन महीनों में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
इस दौरान डीजीपी गौरव यादव ने भटके हुए युवाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे थोड़े से पैसों के लालच में विदेशी गैंगस्टरों के बहकावे में न आएं और अपराध का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट आएं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो युवा इस रास्ते से नहीं हटेंगे, उन्हें सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
पंजाब पुलिस ने जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 भी शुरू किया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से कोई भी व्यक्ति गैंगस्टरों या आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी पूरी गोपनीयता के साथ दे सकता है। डीजीपी ने बताया कि सूचना के आधार पर यदि किसी गैंगस्टर की गिरफ्तारी होती है, तो सूचना देने वाले को 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इनाम नीति को मंजूरी देते हुए इसके लिए 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस नीति के तहत एसएसपी, सीपी, डीआईजी, विंग हेड और डीजीपी स्तर पर अलग-अलग सीमा तक इनाम देने का अधिकार निर्धारित किया गया है। यह इनाम न केवल मुखबिरों को बल्कि गैंगस्टरों और एनडीपीएस मामलों में असाधारण कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को भी दिया जाएगा।
पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस का यह अभियान साफ संकेत देता है कि राज्य में गैंगस्टरवाद के लिए अब कोई जगह नहीं है।











Total Users : 291401
Total views : 493732