June 15, 2026 3:10 pm

June 15, 2026 3:10 pm

HARYANA: मुख्यमंत्री ने जन्मदिवस पर गौसेवा को दी नई मजबूती;

जिले की 14 गौशालाओं को ₹1.22 करोड़ चारा अनुदान, शिव मंदिर मार्ग के लिए ₹20 लाख की घोषणा

चंडीगढ़, 25 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर गौ माता की सेवा के संकल्प को साकार करते हुए माता मनसा देवी गौधाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले की 14 गौशालाओं को ₹1 करोड़ 22 लाख 46 हजार रुपये की चारा अनुदान राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सकेतड़ी की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के कच्चे मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण के लिए ₹20 लाख देने की भी घोषणा की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी के साथ माता मनसा देवी गौधाम में गौ सेवा की तथा चारा व गुड़ खिलाकर गौ माता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने विधिवत गौ पूजन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में गाय को आदिकाल से माता का दर्जा प्राप्त है और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास माना गया है। इसी भावना के अनुरूप वर्तमान सरकार गौशालाओं के विकास, गौवंश संरक्षण और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में पंजीकृत गौशालाओं को चारे के लिए ₹270 करोड़ का अनुदान दिया जा चुका है। वर्ष 2014-15 में हरियाणा गौसेवा आयोग का बजट मात्र ₹2 करोड़ था, जिसे बढ़ाकर चालू वित्त वर्ष में ₹595 करोड़ कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक प्रदेश में 215 पंजीकृत गौशालाओं में लगभग 1.75 लाख गौवंश था, जबकि वर्तमान में 686 पंजीकृत गौशालाओं में करीब 4 लाख बेसहारा गौवंश का पालन-पोषण हो रहा है। अब तक 330 गौशालाओं में सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं और शेष में भी शीघ्र कार्य पूरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गौशालाओं को ₹2 प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है तथा नई गौशालाओं को भूमि रजिस्ट्री पर स्टाम्प ड्यूटी से मुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गौवंश के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सकों की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। 5 अगस्त 2024 की घोषणा के अनुसार, 3000 से अधिक गौवंश वाली गौशालाओं में सप्ताह में एक दिन पशु चिकित्सक तथा कम गौवंश वाली गौशालाओं में वीएलडीए की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। साथ ही मोबाइल पशु चिकित्सालय सेवाएं भी शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को बेसहारा गौवंश से मुक्त करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए पानीपत के गांव नैन और हिसार के गांव ढंडूर में गौ अभ्यारण्य स्थापित किए गए हैं, जिन पर अब तक ₹8 करोड़ जारी किए जा चुके हैं और लगभग 5 हजार गौवंश को आश्रय दिया गया है। इसके अलावा 200 गौशालाओं में शैड निर्माण हेतु ₹10 लाख प्रति गौशाला की घोषणा के तहत अब तक 51 गौशालाओं में कार्य पूर्ण हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने देशी नस्ल की गायों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत हरियाणा, साहीवाल और बेलाही नस्ल की गायों के पालकों को ₹5 हजार से ₹20 हजार तक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोबर और गोमूत्र से प्राकृतिक फिनाइल, जैविक खाद, पेंट, दीये, धूप, साबुन सहित अनेक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। पंचगव्य उत्पादों पर अनुसंधान हेतु हरियाणा गौवंश अनुसंधान केंद्र, सुखदर्शनपुर (पंचकूला) की स्थापना की गई है। साथ ही हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम-2015 के तहत गौ हत्या पर 10 वर्ष तक के कारावास का प्रावधान किया गया है।
इस अवसर पर हरियाणा गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, सूचना जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग सहित बड़ी संख्या में गौभक्त व गौशाला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 7 5
Total Users : 344075
Total views : 569453

शहर चुनें