मां के प्रेमी ने ही रची थी अपहरण व हत्या की साजिश, खुद को पिता बताकर क्रेच से ले गया मासूम
आरोपी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर, सभी एंगल से जांच में जुटी पुलिस
रमेश गोयत
पंचकूला, 25 जनवरी 2026: पंचकूला के सेक्टर-12ए स्थित एक क्रेच से एक वर्षीय मासूम बच्चे के अपहरण और निर्मम हत्या के मामले को पंचकूला पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने इंचार्ज प्रवीण मलिक के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय राणा निवासी पिंजौर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सुखोमाजरी बाईपास के पास रामपुर सियूडी गांव के नजदीक एक पुलिया के नीचे से मासूम का शव बरामद किया। आरोपी ने शव को प्लास्टिक के कट्टे में भरकर वहां फेंक दिया था।
खुद को पिता बताकर क्रेच से किया था अगवा
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने प्रेस वार्ता में बताया कि 24 जनवरी की सुबह डेराबस्सी निवासी लक्ष्मी नामक महिला ने अपने एक वर्षीय बेटे रियांस को सेक्टर-12ए स्थित क्रेच में छोड़ा था। कुछ समय बाद एक युवक खुद को बच्चे का पिता बताकर क्रेच से मासूम को अपने साथ ले गया।
जब बच्चे की मां को इस बारे में जानकारी मिली तो उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। थाना सेक्टर-14 में किडनैपिंग का मामला दर्ज होते ही सभी क्राइम यूनिट्स को अलर्ट कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी की पहचान अजय राणा के रूप में हुई, जो बच्चे की मां का प्रेमी निकला।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार शुरुआत में आरोपी ने जांच को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह और लक्ष्मी इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए थे। जब भी वह लक्ष्मी से मिलता था, मासूम रियांस साथ होता था और उसके रोने से आरोपी को चिढ़ होती थी। इसी नफरत के चलते उसने बच्चे को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
वारदात के दिन आरोपी मासूम को क्रेच से उठाकर अपने ऑटो में ले गया और सफाई में इस्तेमाल होने वाले कपड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर पुलिया के नीचे फेंक दिया।
4 दिन का पुलिस रिमांड
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान यह भी जांच की जाएगी कि इस जघन्य अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था।
मासूम के शव का पोस्टमार्टम सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल, पंचकूला में कराया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर का सख्त संदेश
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा,
“यह अपराध मानवता को शर्मसार करने वाला है। ऐसे अपराधियों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस मामले में मजबूत पैरवी कर आरोपी को कठोरतम सजा दिलाई जाए। पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।”












Total Users : 292452
Total views : 495186