September 22, 2026 4:15 am

September 22, 2026 4:15 am

माय इंडिया, माय वोट” थीम के साथ चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 का आयोजन

भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में भारतीय नागरिक – एच. राजेश प्रसाद

चंडीगढ़, 25 जनवरी 2026 : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 यूटी चंडीगढ़ के निर्वाचन विभाग द्वारा रविवार को एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वूमेन, सेक्टर-36, चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “माय इंडिया, माय वोट” तथा टैगलाइन “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में भारतीय नागरिक” रही।
समारोह में यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, आईएएस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल एम. नाइक, आईएएस, जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव, आईएएस, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी अमनदीप सिंह भट्टी, पीसीएस तथा संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौरभ कुमार अरोड़ा भी उपस्थित रहे।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए वर्ष 2025 के दौरान मतदाता जागरूकता के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरे चंडीगढ़ में नुक्कड़ नाटक, विशेष नामांकन शिविर तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की छात्राओं द्वारा शास्त्रीय कथक शैली में प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद स्किट, माइम और नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों को लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव  एच. राजेश प्रसाद ने प्रथम बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले निर्वाचन साक्षरता क्लबों के नोडल अधिकारियों (विद्यालय/कॉलेज), बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा ईएलसी सदस्यों को सम्मानित किया गया। मुख्य सचिव द्वारा निर्वाचन विभाग का कैलेंडर जारी किया गया तथा उपस्थितजनों को निर्वाचन शपथ भी दिलाई गई। “माय इंडिया, माय वोट” थीम पर आयोजित रंगोली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के विजेताओं और दिनभर प्रस्तुति देने वाले छात्र कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए  प्रसाद ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों द्वारा अपने मताधिकार के जिम्मेदार, निष्पक्ष और विवेकपूर्ण प्रयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य लोकतांत्रिक भागीदारी को सुदृढ़ करना और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की 30 प्रमुख पहलों पर आधारित एक विशेष नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें “बुक अ कॉल” सुविधा पर विशेष जोर दिया गया। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने संबंधित बीएलओ से सीधे कॉल बुक कर निर्वाचन सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों की सक्रिय सहभागिता भी विशेष आकर्षण रही।


इस अवसर पर बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चरणबद्ध ढंग से किया जा रहा है। पहला चरण बिहार में पूर्ण हो चुका है, जबकि दूसरा चरण 12 राज्यों में प्रगति पर है। यूटी चंडीगढ़ में भी एसआईआर शीघ्र घोषित किया जाएगा। वर्तमान में पूर्व-पुनरीक्षण गतिविधियों के अंतर्गत लगभग 60 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है।
नागरिकों से अपील की गई कि वे voters.eci.gov.in तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, चंडीगढ़ की वेबसाइट पर जाकर अपना नाम एवं विवरण सत्यापित करें। साथ ही यह भी बताया गया कि निर्वाचन से जुड़े 40 से अधिक ऐप्स और पोर्टल्स को एकीकृत कर एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआईनेट पर उपलब्ध कराया गया है, जिससे सेवाएं और अधिक सरल एवं सुगम होंगी।
कार्यक्रम के अंत में एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वूमेन की प्राचार्या नीना शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
राज्य स्तरीय समारोह के अलावा राष्ट्रीय मतदाता दिवस चंडीगढ़ प्रशासन के अंतर्गत सभी विद्यालयों, कॉलेजों, मतदान केंद्रों एवं विभागों में भी मनाया गया, जहां मतदाता शपथ दिलाई गई और निर्वाचन जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 8 7 5
Total Users : 417875
Total views : 669383

शहर चुनें