अमिटी विश्वविद्यालय, मोहाली में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित
रमेश गोयत
चंडीगढ़/मोहाली, 25 जनवरी। पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदार और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनतंत्र और लोकतंत्र एक-दूसरे के पूरक हैं तथा लोकतंत्र ही वह मजबूत आधार है, जिस पर सभी संस्थाएं प्रभावी रूप से कार्य कर सकती हैं।
अमिटी विश्वविद्यालय, सेक्टर-82, मोहाली में आयोजित 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए श्रीमती मित्रा ने भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर को विशेष रूप से स्मरण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की दूरदर्शिता के कारण ही भारतीय निर्वाचन आयोग को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ।

अपने संबोधन में सीईओ पंजाब ने जिला प्रशासन, अमिटी विश्वविद्यालय, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा सभी सहयोगियों का सफल एवं समावेशी आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा, पंजाब की सचिव के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 26 लाख विद्यार्थियों के साथ कार्य करते हुए उनका यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि युवा वर्ग अपने परिवारों और समाज के माध्यम से दो करोड़ से अधिक मतदाताओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस इस वर्ष “माई इंडिया, माई वोट” थीम और “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक” टैगलाइन के अंतर्गत बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें उन्होंने लोकतांत्रिक ढांचे को सशक्त बनाने में युवा मतदाताओं की भूमिका पर बल दिया।

समारोह में अमनदीप बंसल (अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी), कोमल मित्तल (डिप्टी कमिश्नर, एस.ए.एस. नगर), सकत्तर सिंह बल (संयुक्त सीईओ), गीतिका सिंह (एडीसी जनरल), अंजू बाला (डिप्टी सीईओ), मनजीत कौर (इलेक्टोरल अधिकारी) तथा डॉ. पुनीत शर्मा (प्रो वाइस-चांसलर, अमिटी विश्वविद्यालय) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मतदाता जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर की गई, जिसे ‘मित्रां दी मोटरसाइकिल मंडली’ के सहयोग से आयोजित किया गया। इसके अलावा स्वीप पेंटिंग प्रदर्शनी और रंगोली के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

मित्रा ने चुनाव मशीनरी से जुड़े बूथ लेवल अधिकारियों, मतदान कर्मियों एवं अधिकारियों की सराहना करते हुए उनके समर्पण को नमन किया तथा लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बाइकर्स, कलाकारों और अन्य प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता में योगदान के लिए बधाई दी।
समारोह में सांस्कृतिक एवं जागरूकता प्रस्तुतियां भी हुईं, जिनमें स्वागत गीत, गिद्धा, भांगड़ा, योग प्रदर्शन तथा दिव्यांग मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत विशेष जागरूकता गीत शामिल रहे। विद्यार्थियों और युवा मतदाताओं ने भी अपने विचार साझा करते हुए लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।

इस अवसर पर सीईओ अनिंदिता मित्रा द्वारा निर्वाचन थीम आधारित कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। साथ ही राज्य और जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में लुधियाना एवं तरन तारन जिलों के डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिनिधि, सर्वश्रेष्ठ इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारी एसडीएम अमित गुप्ता (डेराबस्सी), नोडल अधिकारी रूमा रानी, बीएलओ राजीव कुमार, जिला आइकन राजेश धारवाल, पद्मश्री प्रेम सिंह, पूनम लाल, कलाकार गुरप्रीत सिंह नामधारी, बाइकर्स क्लब, योग प्रशिक्षक एवं स्कूली विद्यार्थी शामिल रहे।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई।












Total Users : 292343
Total views : 495033