एक लाख से अधिक आबादी वाला वार्ड बदहाल, सीवर जाम और पार्क की दुर्दशा से लोग परेशान
चंडीगढ़। हल्लो माजरा वार्ड नंबर-20 में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी को लेकर स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। एक लाख से अधिक की आबादी और करीब 20 हजार छोटे बच्चों वाले इस वार्ड की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। नगर निगम के अंतर्गत आए करीब 20 वर्ष बीत जाने के बावजूद आज भी यह वार्ड मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
सर्दियों के मौसम में जब लोग स्वास्थ्य के लिए पार्कों में बैठकर धूप सेंकना पसंद करते हैं, तब हेलो माजरा का इकलौता पार्क खुद बदहाली का शिकार है। पार्क में न तो बैठने के लिए बेंच हैं, न साफ-सफाई की व्यवस्था और न ही नियमित मेंटेनेंस। बच्चों के लिए लगाए गए झूले भी बार-बार हटाए जा चुके हैं, जिससे यह पार्क केवल नाम मात्र का रह गया है। वॉकिंग ट्रैक भी पूरी तरह जर्जर हालत में है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क में घास लगाने और रख-रखाव को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह लापरवाही वार्ड के नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन-स्तर के प्रति प्रशासन की उदासीनता को दर्शाती है।
वहीं, वार्ड में दो काउंसलर होने के बावजूद सीवर व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। पुराने और पतले पाइपों के कारण लगभग हर दूसरे दिन सीवर जाम हो जाता है। गंदा पानी सड़कों पर फैलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि चंडीगढ़ का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के बावजूद इस क्षेत्र में एक भी सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध नहीं है।
सड़कों के किनारे जमा गंदा पानी और बदहाल पार्क अब ‘अमृत सरोवर’ नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक बन चुके हैं। स्थानीय लोग मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हैं और खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस संबंध में समाजसेवी अरविंद सिंह ने नव-निर्वाचित महापौर सौरभ जोशी से आग्रह किया है कि वे अधिकारियों के साथ हेलो माजरा वार्ड नंबर-20 का स्थलीय दौरा करें और पार्क, सीवर, सड़क, साफ-सफाई व सार्वजनिक शौचालय जैसी मूलभूत समस्याओं पर तुरंत और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके और वार्ड को रहने लायक बनाया जा सके।











Total Users : 291004
Total views : 493127