April 5, 2026 7:50 pm

April 5, 2026 7:50 pm

PUNJAB: निवेश के लिए CM मान का प्रयास रंग लाया, कृषि क्षेत्र में तकनीकी सहयोग के लिए आगे आया दक्षिण कोरिया

चंडीगढ़, 31 जनवरी: पंजाब के छोटे और सीमांत किसानों के लिए खेती को दोबारा लाभदायक और व्यवहारिक बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से दक्षिण कोरिया के दौरे पर गए मुख्यमंत्री के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में आज चंडीगढ़ में दक्षिण कोरिया के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ स्मार्ट खेती, उन्नत कृषि मशीनरी और बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान घटते कृषि रकबे, छोटे जोतधारक किसानों की चुनौतियों और खेती की आर्थिक व्यवहारिकता जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार टेक्नोलॉजी आधारित समाधानों के जरिए छोटे किसानों को सशक्त बनाना चाहती है और इस दिशा में दक्षिण कोरिया की विशेषज्ञता अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि दक्षिण कोरिया की वर्टिकल फार्मिंग तकनीक पंजाब जैसे राज्य के लिए बेहद कारगर साबित हो सकती है, जहां भूमि का लगातार विभाजन हो रहा है। उन्होंने बताया कि सीमित भूमि के बावजूद दक्षिण कोरिया ने उन्नत मशीनीकरण, ऑटोमेशन और स्मार्ट कृषि तकनीकों के माध्यम से कृषि को लाभदायक बनाया है, जिससे पंजाब सीख लेना चाहता है।

सीएम मान ने दक्षिण कोरिया को स्मॉल एग्रीकल्चर मशीनरी सेक्टर में निवेश का औपचारिक निमंत्रण देते हुए कहा कि इससे खेती को मुनाफे का व्यवसाय बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पंजाब ऑटोमेशन, स्मार्ट कृषि मशीनरी, बीज तकनीक, बायोटेक्नोलॉजी, स्मार्ट कंबाइन हार्वेस्टर, ट्रांसप्लांटर और सहायक कृषि क्षेत्रों में दक्षिण कोरिया के साथ दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाएं तलाश रहा है।

दोनों देशों के ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया ने लगभग एक ही समय स्वतंत्रता प्राप्त की थी और दोनों को गरीबी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि पंजाब ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से इन चुनौतियों को अवसर में बदला और आज देश के खाद्यान्न भंडार में अग्रणी योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने पंग्यो टेक्नो वैली—जिसे एशिया की ‘सिलिकॉन वैली’ कहा जाता है—की अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा कि वहां की नवाचार संस्कृति और तकनीकी क्षमता पंजाब के कृषि-उद्योग के लिए प्रेरणास्रोत है।

बैठक के दौरान दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल को 13 से 15 मार्च 2026 तक मोहाली में आयोजित होने वाले प्रोग्रेसिव पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 में भाग लेने का आमंत्रण भी दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के दूरदर्शी और सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पंजाब के साथ कृषि और निवेश के क्षेत्र में सहयोग की प्रबल इच्छा जताई।

दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल की इस रुचि को आने वाले समय में पंजाब और दक्षिण कोरिया के बीच ठोस और परिणामोन्मुख साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 2 5 9
Total Users : 291259
Total views : 493518

शहर चुनें