पंजाब सरकार जेलों को नशा-मुक्त रखने के लिए वचनबद्ध: भुल्लर
चंडीगढ़/पटियाला, 31 जनवरी। पंजाब के परिवहन एवं जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को केंद्रीय जेल पटियाला तथा नाभा जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेलों में चल रही विभिन्न गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और कैदियों के कल्याण से जुड़े प्रबंधों का जायजा लिया।
केंद्रीय जेल पटियाला में मंत्री भुल्लर ने जेल फैक्ट्री का दौरा कर बंदियों के लिए संचालित दीर्घकालिक आईटीआई प्रशिक्षण कोर्सों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वर्कशॉप का निरीक्षण किया और कैदियों व अंडरट्रायल बंदियों से संवाद कर प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जेल मंत्री ने रसोईघर और भोजन व्यवस्था, मुफ्त कानूनी सहायता, इलाज एवं चिकित्सा सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कैदियों से उनकी रहन-सहन की स्थितियों को लेकर बातचीत करते हुए जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही सेवाओं का मूल्यांकन किया। इसके साथ ही महिला वार्ड का भी दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और कल्याणकारी उपायों की समीक्षा की।
जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कैदियों को भविष्य में किसी भी गलत गतिविधियों से दूर रहने की सलाह देते हुए उनके पुनर्वास और बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार कैदियों में सकारात्मक मूल्यों और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रदेश की जेलों को नशा-मुक्त बनाए रखने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।
मंत्री भुल्लर ने अनुशासन बनाए रखने और सुधारात्मक पहलों को मजबूत करने के लिए जेल प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। वापसी के दौरान उन्होंने मुलाकात क्षेत्र में कैदियों के परिजनों से बातचीत कर मुलाकात प्रक्रिया को लेकर उनका फीडबैक भी लिया।
इस अवसर पर केंद्रीय जेल पटियाला के सुपरिंटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल और नाभा जेल के सुपरिंटेंडेंट इंदरजीत सिंह काहलों ने मंत्री को प्रशासनिक व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और जेल सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त सुपरिंटेंडेंट अर्पनजोत सिंह रहिल, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट (फैक्ट्री) जैदीप सिंह सहित अन्य जेल अधिकारी भी उपस्थित रहे।














Total Users : 416568
Total views : 667675