पंचकूला, 02 फरवरी 2026: पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से शराब लाकर हिमाचल प्रदेश में बेचने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 156 बोतल अवैध शराब और एक बोलेरो वाहन बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 01 फरवरी 2026 को डिटेक्टिव स्टाफ पंचकूला की टीम एएसआई गोपाल व एएसआई महिपाल के नेतृत्व में माजरी चौक क्षेत्र में गश्त व नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि जगदीश चंद और रमेश कुमार, निवासी जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश), चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर अवैध शराब लाकर हिमाचल में ऊंचे दामों पर बेचने का धंधा करते हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों आरोपी सेक्टर-21 पंचकूला में बोलेरो गाड़ी में शराब लेकर खड़े हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर रेड की और बोलेरो वाहन में बैठे दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान वाहन से
ओल्ड मॉन्क रम की 8 पेटियां (कुल 96 बोतल)
रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब की 5 पेटियां (कुल 60 बोतल)
बरामद की गईं।
आरोपियों द्वारा शराब से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पुलिस ने अवैध शराब के साथ-साथ आरोपियों के मोबाइल फोन और बोलेरो वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
इस संबंध में थाना सेक्टर-20 पंचकूला में धारा 61(1)(A)-4/2020 हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी जगदीश चंद को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि रमेश कुमार को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।










Total Users : 291146
Total views : 493328