August 29, 2026 4:42 pm

August 29, 2026 4:42 pm

संसद में चौथे दिन भी हंगामा, राहुल गांधी के बयान और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर विपक्ष का विरोध, लोकसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र का मंगलवार को चौथा दिन भी हंगामेदार रहा। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी है। इसी बीच भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और लोकसभा में दिए गए कुछ बयानों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
सोमवार को लोकसभा में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कथित तौर पर पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के अप्रकाशित संस्मरणों के अंश सदन में पढ़े। इस पर सत्ता पक्ष ने कड़ा ऐतराज जताया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इन अंशों के स्रोत और प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना सत्यापन के इस तरह के संदर्भ सदन में रखना अनुचित है।
बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए कुल 18 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। मौजूदा सत्र 2 अप्रैल को समाप्त होगा। इसके तहत दोनों सदन 13 फरवरी को अवकाश के लिए स्थगित होंगे और 9 मार्च से दोबारा कार्यवाही शुरू होगी, ताकि स्थायी समितियां विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की अनुदान मांगों की समीक्षा कर सकें।
इधर, मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार पर निशाना साधा। बैठक के आरंभ में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व सांसद सुरुपसिंह हिरिया नाइक के निधन की सूचना दी, जिसके बाद सदन में कुछ पल का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसद नारेबाजी करते हुए आसन के पास पहुंच गए। वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे। शोर-शराबे के बीच गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक सदस्य के पूरक प्रश्न का उत्तर दिया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से शांति बनाए रखने और कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, “प्रश्नकाल सदस्यों का समय होता है। इसमें सवाल पूछे जाते हैं और सरकार की जवाबदेही तय होती है। नियोजित तरीके से आसन के पास आकर नारेबाजी का कोई औचित्य नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और बजट पर चर्चा के दौरान सभी सांसदों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा।
हालांकि, अपील के बावजूद हंगामा नहीं थमा, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही कुछ ही मिनटों बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इस बीच बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी सांसदों को संसद की गरिमा, व्यवहार और जिम्मेदारियों का महत्व सिखाते हैं। उन्होंने कहा, “संसद हमारे लिए एक यूनिवर्सिटी जैसी है, जो हमें सिखाती है कि देश की कुर्बानियों और समर्पण की विरासत को आगे कैसे बढ़ाना है। पीएम मोदी का नेतृत्व हर एनडीए कार्यकर्ता के लिए बेहद प्रेरणादायक और कीमती है।”

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 4 5 9
Total Users : 400459
Total views : 646147

शहर चुनें