June 17, 2026 1:24 pm

June 17, 2026 1:24 pm

HPSC ने चयन प्रक्रिया का मजाक बना दिया, 2.29% परिणाम युवाओं के साथ भद्दा मजाक: अभय चौटाला

चंडीगढ़, 5 फरवरी। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पीजीटी कंप्यूटर साइंस भर्ती परीक्षा में मात्र 2.29 प्रतिशत अभ्यर्थियों को पास करना योग्य युवाओं के साथ भद्दा मजाक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा दिन-रात मेहनत कर सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन एचपीएससी उनकी मेहनत पर पानी फेरने का काम कर रही है।
चौधरी अभय चौटाला ने कहा कि बेरोजगारी से त्रस्त हरियाणा में कई वर्षों के इंतजार के बाद पीजीटी कंप्यूटर साइंस भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। इस भर्ती में 1711 पदों के लिए करीब 5100 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, लेकिन केवल 39 अभ्यर्थियों को ही पास घोषित किया गया, जो कुल परीक्षार्थियों का मात्र 2.29 प्रतिशत है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वास्तव में बाकी सभी अभ्यर्थी नालायक या अयोग्य थे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षाएं पास कर आईएएस, आईपीएस, न्यायिक सेवाओं और वैज्ञानिक पदों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में यह मानना कठिन है कि पीजीटी कंप्यूटर साइंस जैसी अपेक्षाकृत सामान्य परीक्षा में सिर्फ 2.29 प्रतिशत अभ्यर्थी ही योग्य पाए गए।
अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि अब तक की भर्तियों में लगभग 90 प्रतिशत चयन बाहर के प्रदेशों के लोगों का किया गया है। यह सब भाजपा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत हरियाणा के युवाओं को बेरोजगार रखकर उच्च पदों पर बाहर के प्रदेशों से संघ से जुड़े लोगों का कब्जा कराया जा रहा है, ताकि पूरे सिस्टम पर मनमाफिक नियंत्रण किया जा सके।
उन्होंने मांग की कि भाजपा सरकार तत्काल प्रभाव से एचपीएससी के चेयरमैन को बर्खास्त करे और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर हरियाणा के सभी योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी जाएंगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 5 4 2 7
Total Users : 345427
Total views : 571464

शहर चुनें