June 15, 2026 5:19 pm

June 15, 2026 5:19 pm

जींद की पूजा गोयत UGC नेट JRF में अंग्रेजी विषय की ऑल इंडिया टॉपर

जींद | हरियाणा के जींद जिले के गांव झांझ की होनहार बेटी पूजा गोयत ने यूजीसी नेट जेआरएफ परीक्षा में अंग्रेजी विषय में ऑल इंडिया प्रथम स्थान हासिल कर जिले, प्रदेश और पूरे देश में नाम रोशन किया है। पूजा ने अंग्रेजी विषय में 99.96 पर्सेंटाइल प्राप्त कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।

पूजा गोयत की इस उपलब्धि को ग्रामीण प्रतिभा की बड़ी मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद पूजा ने अपने लक्ष्य पर निरंतर मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। यूजीसी नेट जेआरएफ जैसी कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में ऑल इंडिया टॉप करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए पूजा गोयत ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, ताऊ-ताई, भाई और गुरुजनों के आशीर्वाद व मार्गदर्शन का परिणाम है। पूजा ने बताया कि परिवार ने हर कदम पर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और कभी भी उनके हौसले को टूटने नहीं दिया।
पूजा की माता राजेश देवी और मौसी कश्मीरी देवी ने कहा कि पूजा की सफलता से ग्रामीण परिवेश की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लक्ष्य तय करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेटियां यदि ठान लें तो किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं।
गांव झांझ के सरपंच सुनील कुमार और पूर्व सरपंच सतीश गोयत ने पूजा गोयत को बधाई देते हुए कहा कि पूजा ने पूरे गांव का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पूजा की सफलता से गांव के युवाओं और विशेषकर छात्राओं में पढ़ाई के प्रति सकारात्मक संदेश गया है।
पूजा गोयत की इस उपलब्धि पर गांव में बधाइयों का तांता लगा हुआ है। लोग इसे मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का परिणाम बता रहे हैं। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि पूजा जैसी प्रतिभाएं देश के शैक्षणिक भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करती हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 1 2 5
Total Users : 344125
Total views : 569513

शहर चुनें