October 12, 2026 7:24 pm

October 12, 2026 7:24 pm

Mohali: डेटिंग ऐप पर दोस्ती, होटल में वारदात; युवती ने नशीला पदार्थ खिलाकर युवक को लूटा, नकदी-मोबाइल व सोने के गहने लेकर फरार

विमल चोपड़ा

ज़ीरकपुर | 10 फरवरी। डेटिंग ऐप के जरिए पहचान बनाकर होटल में मिलने आई एक युवती द्वारा युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना ज़ीरकपुर–पंचकूला रोड स्थित एक होटल की है, जहां पीड़ित युवक को बेहोश कर आरोपी युवती नकदी, महंगे मोबाइल फोन और सोने के गहने लेकर फरार हो गई। शिकायत के आधार पर ज़ीरकपुर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में युवक ने बताया कि उसकी पहचान डेटिंग ऐप टिंडर के माध्यम से एक युवती से हुई थी। युवती ने अपना नाम सिमरन बताते हुए खुद को पटियाला का निवासी बताया। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू हुई और आपसी सहमति से मिलने का निर्णय लिया गया।

योजना के अनुसार दोनों 5 फरवरी को ज़ीरकपुर–पंचकूला रोड स्थित एक होटल में मिले। पुलिस के अनुसार युवक शाम करीब 5:30 बजे होटल पहुंचा। बातचीत के बाद दोनों होटल के कमरे में ठहरे। युवक का कहना है कि रात करीब 11 बजे वह सो गया, लेकिन अगली सुबह जब उसकी आंख खुली तो युवती कमरे से गायब थी।

जब युवक ने अपने सामान की जांच की तो उसके होश उड़ गए। कमरे से एप्पल मोबाइल फोन, सैमसंग जेड फोल्ड, सोने की चेन, कड़ा, दो अंगूठियां और करीब 45 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

 

पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें महिला रात करीब 2:20 बजे होटल से निकलती हुई दिखाई दी। फुटेज में वह पीड़ित का सामान अपने साथ ले जाती नजर आ रही है।

जांच के दौरान पीड़ित को पता चला कि महिला ने उसे झूठा नाम बताया था। बाद में उसकी पहचान उषा उर्फ नीतिका के रूप में हुई, जो हरियाणा के पानीपत की रहने वाली बताई जा रही है। पीड़ित ने आशंका जताई कि चोरी से पहले उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे वह गहरी नींद में चला गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला की पहचान के आधार पर उसकी तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। साथ ही होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला किस तरह होटल में आई और बाहर निकली।

 

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स के जरिए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने से पहले पूरी सतर्कता बरतें, सार्वजनिक स्थानों को प्राथमिकता दें और अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 7 2
Total Users : 429272
Total views : 684544

शहर चुनें