October 12, 2026 7:24 pm

October 12, 2026 7:24 pm

दिनदहाड़े ATM में ठगी, दिव्यांग का कार्ड बदलकर 60 हजार उड़ाए

विमल चोपड़ा
जीरकपुर, 10 फरवरी: वीआईपी रोड स्थित आरबीएल बैंक के एटीएम में दिनदहाड़े शातिर ठगों ने एक दिव्यांग व्यक्ति को निशाना बनाते हुए बड़ी ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने मदद का झांसा देकर पीड़ित का एटीएम कार्ड बदल लिया और महज 5–5 मिनट के अंतराल में 10–10 हजार रुपये की छह बार निकासी कर कुल 60 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। वारदात के बाद ठग मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग है और चलने-फिरने में कठिनाई होती है। इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उससे बातचीत शुरू की और सहायता का बहाना बनाकर चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। ठगी का खुलासा तब हुआ, जब उसके मोबाइल फोन पर खाते से पैसे निकलने के लगातार मैसेज आने लगे। जब तक वह स्थिति समझ पाता, तब तक खाते से पूरी रकम साफ हो चुकी थी।
घटना के समय एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे आरोपियों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीआईपी रोड जैसे व्यस्त इलाके में स्थित एटीएम पर सुरक्षा गार्ड का न होना गंभीर लापरवाही है। इस घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी अनजान व्यक्ति से सहायता न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

फ्लैग मार्च के 24 घंटे के भीतर दिव्यांग से ठगी, सुरक्षा दावों पर उठे सवाल
सोमवार शाम को जीरकपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया था। इस दौरान प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के दावे किए थे।
लेकिन फ्लैग मार्च के महज 24 घंटे के भीतर ही वीआईपी रोड जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े एटीएम ठगी की घटना सामने आना पुलिस और बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत को उजागर करता है। एटीएम जैसे संवेदनशील स्थान पर न तो सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी और न ही ठगों पर कोई प्रभावी रोक—यह स्थिति आम लोगों, खासकर बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 7 2
Total Users : 429272
Total views : 684544

शहर चुनें