April 6, 2026 6:58 am

April 6, 2026 6:58 am

अंतरराष्ट्रीय समन्वय से बड़ी सफलता: STF हरियाणा ने अमेरिका से कुख्यात गैंगस्टर का कराया प्रत्यर्पण

ज़ीरो टॉलरेंस नीति का असर, संगठित अपराध के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई
चंडीगढ़, 11 फरवरी 2026: विशेष कार्य बल (एसटीएफ) हरियाणा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिला रोहतक के कुख्यात गैंगस्टर सोमबीर उर्फ मोट्टा (39) को 10 फरवरी 2026 को संयुक्त राज्य अमेरिका से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित करवा लिया है। वर्ष 2025 से अब तक एसटीएफ हरियाणा द्वारा यह 10वां बड़ा प्रत्यर्पण है, जबकि अमेरिका से किया गया यह तीसरा महत्वपूर्ण प्रत्यर्पण है। इससे पहले 25 अक्टूबर 2025 को लखविंदर उर्फ लखा और 7 जनवरी 2026 को अमन भैंसवाल का प्रत्यर्पण कराया जा चुका है।
यह कार्रवाई दर्शाती है कि हरियाणा पुलिस की एसटीएफ संगठित अपराध के खिलाफ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर, प्रभावी और समन्वित प्रयास कर रही है।

डीजीपी अजय सिंघल का सख्त संदेश
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुख्यात गैंगस्टर सोमबीर उर्फ मोट्टा का अमेरिका से प्रत्यर्पण एसटीएफ हरियाणा की पेशेवर दक्षता, तकनीकी क्षमता और मजबूत जांच प्रणाली का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सतत समन्वय, सटीक कानूनी प्रक्रिया और ठोस साक्ष्यों की प्रस्तुति ने अहम भूमिका निभाई।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और पुलिस विभाग की नीति संगठित अपराध के विरुद्ध “ज़ीरो टॉलरेंस” की है। यह प्रत्यर्पण न केवल एक बड़ी कानूनी उपलब्धि है, बल्कि उन सभी अपराधियों के लिए कड़ा संदेश भी है जो विदेश भागकर कानून से बचने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे दुनिया के किसी भी कोने में छिपे हों, हरियाणा पुलिस उन्हें न्याय के कटघरे तक लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

गैंग से संबंध और आपराधिक पृष्ठभूमि
सोमबीर उर्फ मोट्टा कुख्यात अपराधी अनिल छिप्पी का भाई है और इसके लॉरेंस बिश्नोई तथा काला जठेड़ी गैंग से भी करीबी संबंध रहे हैं। वर्ष 2014 में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में मैनपाल बादली गैंग के एक सदस्य की हत्या में भी इसकी संलिप्तता सामने आई थी। आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूली, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में लंबे समय से सक्रिय रहा है।
इसकी आपराधिक गतिविधियां रोहतक, सोनीपत, झज्जर, बहादुरगढ़, गुरुग्राम, दिल्ली और राजस्थान के कई इलाकों तक फैली हुई थीं।

26 संगीन मामलों में आरोपी
सोमबीर मोट्टा हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में दर्ज कुल 26 संगीन आपराधिक मामलों में वांछित है। इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, डकैती, लूट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े अपराध शामिल हैं। इसके अलावा उसे प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर भी घोषित किया जा चुका है।

अंतरराष्ट्रीय और कानूनी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था और इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) भी प्रसारित किया गया। जांच में सामने आया कि उसने धोखाधड़ी से प्राप्त पासपोर्ट के जरिए 3 जनवरी 2024 को मुंबई एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए भारत छोड़ा था। यह पासपोर्ट बाद में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) गाजियाबाद द्वारा 14 अगस्त 2024 को रद्द कर दिया गया।
इस संबंध में थाना आईएमटी रोहतक में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और पासपोर्ट एक्ट की धारा 12-सी के तहत मामला भी दर्ज किया गया था।
एसटीएफ हरियाणा की यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है और आने वाले समय में ऐसे अपराधियों पर और सख्ती के संकेत देती है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 0 1
Total Users : 291401
Total views : 493732

शहर चुनें