एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद की बड़ी कार्रवाई, विवाह प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर मांगी थी घूस
चंडीगढ़, 16 फरवरी। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), फरीदाबाद ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम के एक लिपिक को 2,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोनिका भाटिया, लिपिक, कार्यालय संयुक्त आयुक्त, नगर निगम फरीदाबाद के रूप में हुई है।
एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 16 फरवरी 2026 को की गई। आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 4 दिनांक 16.02.2026 के तहत धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद थाना में पंजीकृत किया गया है।
विवाह प्रमाण पत्र के बदले मांगी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता पेशे से अधिवक्ता है और सेक्टर-12, फरीदाबाद स्थित न्यायालय में प्रैक्टिस करता है। उसके पड़ोसी आकाश पुत्र चन्द्रशेन ने विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज शिकायतकर्ता को सौंपे थे। इन दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम फरीदाबाद में ऑनलाइन आवेदन किया गया।
निर्धारित अपॉइंटमेंट के अनुसार जब शिकायतकर्ता, आवेदक आकाश, उसकी पत्नी श्रीमती वेदिका और गवाह नगर निगम कार्यालय पहुंचे, तो संबंधित लिपिक मोनिका भाटिया ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विवाह प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 2,000 रुपये नकद की मांग की।
योजनाबद्ध ट्रैप में गिरफ्तारी
शिकायत मिलते ही एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद की टीम ने योजनाबद्ध ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के तहत आरोपी लिपिक को उसके कार्यालय में शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।
ब्यूरो अधिकारियों के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है और भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।










Total Users : 291150
Total views : 493332