April 6, 2026 6:57 am

April 6, 2026 6:57 am

22 करोड़ रुपये के गबन मामले में सतर्कता ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़, 16 फरवरी 2026: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा ने ग्राम पंचायत मुजेडी, ब्लॉक तिगांव, जिला फरीदाबाद में वर्ष 2020-21 के दौरान हुए करीब 22 करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो ने आज फरार चल रहे आरोपी सागर, मालिक फर्म दा डिज़ाइन कोड, निवासी गांव नवादा (ब्लॉक तिगांव) को पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया है।

 

यह मामला अभियोग संख्या 355 दिनांक 16.10.2022, थाना सदर बल्लभगढ़ में दर्ज है, जिसकी जांच वर्तमान में सतर्कता ब्यूरो, फरीदाबाद द्वारा की जा रही है। प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धाराएं 120-बी, 201, 406, 409, 420, 467, 468, 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7ए, 13(1)(बी) सहपठित 13(2) के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

 

फर्जी विकास कार्य दिखाकर भुगतान का आरोप

जांच के अनुसार, 09 अक्टूबर 2020 को नियुक्त कार्यवाहक सरपंच ब्रह्मपाल, ग्राम सचिव जोगेंद्र, तत्कालीन बीडीपीओ पूजा शर्मा और विभिन्न फर्म मालिकों ने कथित रूप से आपसी मिलीभगत कर बिना प्रशासनिक स्वीकृति के फर्जी विकास कार्य दर्शाए। इसके जरिए लगभग 22 करोड़ रुपये की अदायगी कराई गई।

 

फर्मों को 17.14 करोड़ का भुगतान

जांच में सामने आया है कि इस राशि में से करीब 17 करोड़ 14 लाख रुपये अलग-अलग फर्मों— दा डिज़ाइन कोड, एस.के. एंटरप्राइजेज, सतगुरु एंटरप्राइजेज, साईं ट्रेडिंग कंपनी, फरहान एंटरप्राइजेज, राघव बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर एंड कॉन्ट्रैक्टर, साकिर बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर एंड कॉन्ट्रैक्टर, हीरालाल, रसिक बिहारी प्रा. लि., श्यामजी एसोसिएट्स— को भुगतान किए गए।

अब तक की जांच में आरोपी सागर की फर्म दा डिज़ाइन कोड के खाते में 1,94,79,968 रुपये की अनियमित अदायगी पाए जाने की पुष्टि हुई है।

 

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

मामले में 09 सितंबर 2025 को पूजा शर्मा और हीरालाल, तथा 27 दिसंबर 2025 को तनुजा शर्मा, नंद किशोर और मनोज कुमार की गिरफ्तारी हो चुकी है।

वर्तमान में पूजा शर्मा और तनुजा शर्मा माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से जमानत पर हैं, जबकि अन्य आरोपी जिला जेल नीमका, फरीदाबाद में न्यायिक हिरासत में बंद हैं। नामजद आरोपी ललित मोहन शर्मा को माननीय न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। पूजा शर्मा, हीरालाल और ललित मोहन शर्मा के खिलाफ 24 नवंबर 2025 को चालान पेश किया जा चुका है।

जांच जारी, और गिरफ्तारियों के संकेत

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहन जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 0 1
Total Users : 291401
Total views : 493732

शहर चुनें