August 5, 2026 10:48 am

August 5, 2026 10:48 am

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र आज से, सत्ता–विपक्ष आमने-सामने

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार, 20 फरवरी से शुरू हो रहा है। सत्र से एक दिन पहले चंडीगढ़ में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। एक ओर विधानसभा में बिज़नेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) की बैठक में सत्र की अवधि और कार्यसूची को अंतिम रूप दिया गया, वहीं दूसरी ओर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तय की।
बिज़नेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में कार्यक्रम तय
विधानसभा में हुई बीएसी बैठक में बजट सत्र के प्रस्तावित कार्यक्रम पर मुहर लगाई गई। यह सत्र 20 फरवरी से 18 मार्च तक चलेगा। बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि अवकाश के बाद जब भी सदन की कार्यवाही होगी, वह दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। अन्य दिनों में सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों ने सत्र की कार्यवाही को लेकर विस्तार से चर्चा की है और सरकार हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार है।

16 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान
कृष्ण बेदी ने जानकारी दी कि 16 मार्च को राज्यसभा की दो रिक्त सीटों के लिए मतदान होगा। उस दिन विधानसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। यदि मतदान की आवश्यकता पड़ी तो सभी सदस्य 2 बजे से पहले मतदान कर सकेंगे।
मनरेगा और बाहरी राज्यों के युवाओं को सरकारी नौकरी देने जैसे मुद्दों पर कांग्रेस के विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी भूमिका निभाने की पूरी स्वतंत्रता है, लेकिन सरकार सदन में हर सवाल का तथ्यात्मक जवाब देगी।

बीएसी बैठक के बाद क्या बोले हुड्डा?
बीएसी बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बजट सत्र में कुछ भी नया नहीं है। सिटिंग पहले जितनी ही हैं, जबकि छुट्टियां अधिक हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को संख्या बल के आधार पर चर्चा का समय दिया जाएगा और पार्टी की ओर से चर्चा में भाग लेने वाले सदस्यों के नाम स्पीकर को दिए जाएंगे।
राज्यसभा चुनाव को लेकर हुड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतारेगी और जीत दर्ज करेगी।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में बनी रणनीति
बजट सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सहित सभी विधायक मौजूद रहे।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कई ज्वलंत मुद्दे हैं, जिन पर कांग्रेस स्थगन प्रस्ताव लाकर चर्चा की मांग करेगी।
कांग्रेस इन मुद्दों को उठाएगी:
बिगड़ती कानून व्यवस्था
बुजुर्गों की पेंशन में कटौती
खेतों में जलभराव

चंडीगढ़ पर हरियाणा के हक का मुद्दा
अवैध खनन
राज्यपाल के अभिभाषण पर कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा चर्चा की शुरुआत करेंगे, जबकि बजट पर रघुवीर कादियान पार्टी की ओर से बोलेंगे।
24 फरवरी को कांग्रेस विधायक सेक्टर-3 से पैदल मार्च करते हुए विधानसभा पहुंचेंगे। वहीं 25 फरवरी को मनरेगा मुद्दे पर विधानसभा घेराव की घोषणा की गई है।

सत्ता पक्ष की रणनीति भी तैयार
उधर भाजपा विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी मंत्रियों और विधायकों ने हिस्सा लिया। विपक्ष के संभावित सवालों और आरोपों का जवाब देने को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि कैबिनेट की अनौपचारिक बैठक में भी विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई है। सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया जा रहा है। राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अधिसूचना जारी हो चुकी है और भाजपा अपनी तैयारी में जुटी है।
सदन में हंगामे की बजाय सार्थक चर्चा की अपील
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि बजट सत्र में जनता के पैसे का उपयोग होता है, इसलिए सदन की कार्यवाही हंगामेदार नहीं बल्कि असरदार होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष से रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की।
अब देखना होगा कि करीब एक महीने तक चलने वाला यह बजट सत्र विकास, कानून व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर कितनी गंभीर बहस का गवाह बनता है, या फिर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप ही सुर्खियों में रहते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 8 2 7 4 4
Total Users : 382744
Total views : 622200

शहर चुनें