June 15, 2026 3:08 pm

June 15, 2026 3:08 pm

भाजपा सरकार में युवाओं की सुनवाई करने वाला कोई नहीं, पुलिस हिरासत से लोकतांत्रिक आवाज नहीं दबेगी – बृज शर्मा

विधानसभा का घेराव करने जा रहे असिस्टेंट प्रोफेसर अभ्यर्थियों को जेजेपी ने दिया समर्थन

चंडीगढ़, 20 फरवरी। जननायक जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा है कि भाजपा सरकार में प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार में उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि करीब दो महीने से हरियाणा लोक सेवा आयोग के रिजल्ट के खिलाफ अंग्रेजी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर अभ्यर्थी पंचकूला में धरने पर बैठे है। बृज शर्मा ने कहा कि लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे योग्य उम्मीदवारों को पहले तो अवसर नहीं दिया गया और जब युवा अपने हक के लिए आवाज उठाते है तो सरकार उनकी जायज मांगों को भी सुनने की बजाय उसे दबाने में लगी हुई है। शुक्रवार को जेजेपी नेताओं ने चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा का घेराव करने जा रहे असिस्टेंट प्रोफेसर अभ्यर्थियों को समर्थन दिया और सरकार से मांग की है कि इन आंदोलनरत अभ्यर्थियों की तुरंत सुनवाई करके न्याय दिलाए। साथ ही जेजेपी ने शांतिप्रिय से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने जा रहे अभ्यर्थियों को पुलिस हिरासत में लेने की घटना की कड़ी निंदा की। बृज शर्मा ने कहा कि सरकार के इशारों पर युवाओं को पुलिस हिरासत में लेकर लोकतांत्रिक आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

 

जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि हरियाणा में अंग्रेजी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर के 613 पदों के लिए आयोग ने मात्र 151 उम्मीदवारों को ही शॉर्टलिस्ट किया है, जो कि कतई जायज नहीं है। इतना ही नहीं दलितों और पिछड़ों के लिए आरक्षित सीटों के उम्मीदवारों का चयन न के बराबर किया गया। वहीं सामान्य श्रेणी के शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों में हरियाणा से बाहर के राज्यों के लोग शामिल है। बृज शर्मा ने आगे कहा कि इस भर्ती से जुड़े अभ्यर्थी जब अपनी  आंसर शीट आरटीआई के माध्यम से मांगते है तो आयोग टालमटोल करके अपनी गड़बड़ियां छिपाने में लगा हुआ और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने कहा कि आज न तो आयोग के पास कोई जवाब है और न ही सरकार के पास। बृज शर्मा ने भाजपा सरकार को चेताते हुए कहा कि सरकारी भर्ती में हो रही ऐसी भारी गड़बड़ियों को जेजेपी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जेजेपी प्रदेश के युवाओं के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी और पारदर्शिता का झूठा ढोंग करने वाली भाजपा सरकार की गड़बड़ियों को उजागर करती रहेगी।

 

इस दौरान जेजेपी महिला प्रदेश प्रभारी किरण पूनिया ने कहा कि भाजपा सरकार में एचटेट परीक्षा और अंग्रेजी सहायक प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया में बड़ी-बड़ी गड़बड़ियां सामने आई है, जो कि युवाओं के भविष्य के साथ सरासर खिलवाड़ है। वहीं जेजेपी पंचकूला जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने कहा कि प्रदेश सरकार नामात्र सरकारी भर्तियां करती है और उनमें भी प्रदेश के युवाओं की भारी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्या भाजपा सरकार ने हमारे युवाओं को बस चपरासी बनाने के लिए छोड़ा दिया है ? इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश खटक, जेजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष केसी भारद्वाज,  मयंक लाम्बा, नरेंद्र जैन आदि मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 7 4
Total Users : 344074
Total views : 569452

शहर चुनें