54वां रोज फेस्टिवल-2026 ज़ाकिर हुसैन रोज गार्डन में भव्य शुभारंभ
चंडीगढ़, 20 फरवरी: 54वां रोज फेस्टिवल-2026 शुक्रवार प्रतिष्ठित जाकिर हुसैन रोज गार्डन में धूमधाम और भव्यता के साथ प्रारंभ हुआ। प्रकृति को समर्पित इस तीन दिवसीय महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने अपनी धर्मपत्नी अनीता कटारिया के साथ किया।
उद्घाटन समारोह में शहर के मेयर सौरभ जोशी, यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, गृह सचिव-सह-सचिव स्थानीय सरकार मंदीप सिंह बराड़, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, मुख्य वन संरक्षक सौरभ कुमार, विशेष आयुक्त प्रदीप कुमार, राजीव तिवारी डीपीआर, पार्षदगण, प्रशासन एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फूल का अपना आकर्षण होता है, किंतु गुलाब को “फूलों की रानी” कहा जाता है, जो प्रेम, करुणा और शाश्वत सौंदर्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रोज गार्डन इस प्रकार विकसित किया गया है कि उसमें टहलना मानो एक सुंदर कहानी पढ़ने जैसा अनुभव देता है।
राज्यपाल ने रोज फेस्टिवल की परिकल्पना करने वाले एम. एस. रंधावा तथा जिनके नाम पर इस उद्यान का नाम रखा गया, डॉ. ज़ाकिर हुसैन को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया और उन्हें प्रकृति एवं बागवानी का सच्चा प्रेमी बताया।

नागरिकों और युवा प्रतिभाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों के लिए ₹10 लाख के विशेष पुरस्कार कोष की घोषणा की। उन्होंने यह भी प्रसन्नता व्यक्त की कि इस वर्ष भी महोत्सव लगातार दूसरी बार ‘ज़ीरो बजट’ और ‘ज़ीरो वेस्ट’ मॉडल पर आयोजित किया जा रहा है, जो सतत विकास और जनभागीदारी के प्रति शहर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि महोत्सव में हर आयु वर्ग के लिए आकर्षण है, जिसमें रोज प्रिंस एवं प्रिंसेस, मिस्टर एवं मिस रोज तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए रोज किंग एवं क्वीन जैसी लोकप्रिय प्रतियोगिताएं शामिल हैं। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों के अथक प्रयासों की सराहना की।

नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि रोज गार्डन में वर्तमान में 800 से अधिक किस्मों के गुलाब विभिन्न रंगों में खिले हुए हैं, जिनके साथ आकर्षक पुष्प सज्जा और विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं। तीन दिवसीय इस महोत्सव में ब्रास एवं पाइप बैंड प्रतियोगिताएं, फोटोग्राफी प्रदर्शनी, मुशायरा, सांस्कृतिक संध्या तथा बच्चों के लिए विशेष गेम ज़ोन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

ज़ीरो वेस्ट’ थीम को सुदृढ़ करते हुए नगर निगम ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जागरूकता प्रदर्शनी लगाई है तथा “स्वच्छता के पज़ल्स” नामक इंटरैक्टिव गतिविधि शुरू की है, जो कचरा पृथक्करण, चार प्रकार के अपशिष्ट, प्लास्टिक मुक्त जीवन और स्वच्छता संदेशों को बढ़ावा देती है।
इसके अतिरिक्त, ‘एमसी वन पास’ पहल के प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख प्रवेश द्वारों पर विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना की जानकारी मिल सके।












Total Users : 291259
Total views : 493518