September 21, 2026 9:35 am

September 21, 2026 9:35 am

टटिहरी’ गाने को लेकर विवादों में रैपर बादशाह, जींद में दो FIR दर्ज; विरोध बढ़ने पर हटाया वीडियो

जींद: रैपर Badshah का नया हरियाणवी ट्रैक “टटिहरी” रिलीज होते ही बड़े विवाद में घिर गया है। गाने के लिरिक्स और वीडियो में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के कथित सेक्शुअलाइजेशन को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हो रही है। बढ़ते विरोध और सवालों के बाद बादशाह ने देर रात यह गाना अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म से हटा दिया।
इससे पहले Haryana State Commission for Women ने मामले को गंभीर मानते हुए रैपर को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। आयोग ने गाने की सामग्री को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए जवाब तलब किया है।

जींद में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज
गाने को लेकर बढ़ते विवाद के बीच Jind में रैपर बादशाह के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। आलोचकों का कहना है कि मुख्यधारा के संगीत में महिलाओं को वस्तु की तरह प्रस्तुत करने और कम उम्र की लड़कियों को आकर्षण का केंद्र बनाने का चलन चिंता का विषय बनता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कई सामाजिक संगठनों और लोगों ने आपत्ति जताई है।
बिना अनुमति रोडवेज बस इस्तेमाल करने का आरोप
पहला मामला हरियाणा रोडवेज की बस का बिना अनुमति इस्तेमाल करने को लेकर दर्ज किया गया है। इस संबंध में हरियाणा रोडवेज जींद के महाप्रबंधक राहुल जैन ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार, गाने के वीडियो में हरियाणा राज्य परिवहन की बस या किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली लीज बस का इस्तेमाल किया गया, जबकि इसके लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। शिकायत में कहा गया है कि किसी सरकारी विभाग की बस, नाम, चिह्न या पहचान का बिना अनुमति व्यावसायिक वीडियो या गीत में उपयोग करना नियमों के खिलाफ है।
महाप्रबंधक राहुल जैन ने कहा कि गाने में लड़कियों के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, जिससे परिवहन विभाग की छवि भी प्रभावित हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।

स्कूल परिसर में शूटिंग को लेकर दूसरी शिकायत
दूसरी एफआईआर नरवाना सदर थाना में दर्ज की गई है। यह शिकायत सच्चा खेड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की मुख्य अध्यापिका शीला की ओर से दी गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गाने की शूटिंग के लिए स्कूल भवन का उपयोग बिना किसी अनुमति के किया गया। शिकायत में कहा गया कि स्कूल प्रशासन या स्थानीय प्रशासन से शूटिंग की कोई मंजूरी नहीं ली गई थी और गाने की भाषा से छात्राओं के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है।

पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा देवी ने बताया कि पुलिस ने रैपर बादशाह, जिनका वास्तविक नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है, के खिलाफ शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि गाने को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार विरोध बढ़ रहा है और कई लोग इस तरह के कंटेंट पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 7 4 7 1
Total Users : 417471
Total views : 668885

शहर चुनें