मोहाली। मोहाली (साहिबजादा अजीत सिंह नगर) में आयोजित तीन दिवसीय प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन-2026 की आज जोरदार शुरुआत हुई। सम्मेलन के पहले ही दिन उद्योग जगत की बड़ी कंपनियों ने पंजाब में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने का वादा किया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal और पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने शिरकत की और उद्योगपतियों को पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगों को हर संभव सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि भारत चीन से आर्थिक मुकाबला कर सके। उन्होंने कहा कि देश में पिछले 75 वर्षों में व्यवस्था इतनी जटिल रही कि सरकारों ने लोगों को आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया, लेकिन अब पंजाब में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाया गया है।
चार वर्षों में 1.5 लाख करोड़ का निवेश
केजरीवाल ने कहा कि कारोबार-अनुकूल नीतियों के कारण पिछले चार वर्षों में पंजाब में 1.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आ चुका है। इससे राज्य में करीब 5.5 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगों के साथ मिलकर आर्थिक विकास को तेज करने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य में 45 दिनों की सिंगल-विंडो क्लीयरेंस प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत नया उद्योग लगाने या मौजूदा उद्योग का विस्तार करने के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद तय समय में मंजूरी मिल जाती है। यदि 45 दिनों में मंजूरी नहीं मिलती तो 46वें दिन सिस्टम स्वतः ‘डीम्ड अप्रूवल’ दे देता है।
एमएसएमई को भी बड़ी राहत
केजरीवाल ने कहा कि 15 करोड़ रुपये तक के निवेश वाले एमएसएमई उद्योगों को भी बड़ी राहत दी गई है। ऐसे उद्योगों को महज 5 दिनों में स्वीकृति पत्र मिल जाता है और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के समय उद्योगों को मंजूरी लेने के लिए मंत्रियों और अधिकारियों को रिश्वत देनी पड़ती थी, जबकि अब पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और ऑनलाइन कर दी गई है।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर
केजरीवाल ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए मजबूत मानव संसाधन जरूरी है, इसलिए पंजाब सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश किया है। उन्होंने बताया कि तीन वर्षों में ही पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों की स्थिति सुधारने के साथ-साथ राज्य में 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की स्वास्थ्य योजना लागू की गई है ताकि गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
निवेश सम्मेलन से नई शुरुआत – भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन राज्य की अर्थव्यवस्था, निवेश और रोजगार के लिए नए युग की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन ही एचएमईएल, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू, ट्राइडेंट ग्रुप और हीरो सहित कई प्रमुख कंपनियों ने पंजाब में अपने कारोबार का विस्तार करने की घोषणा की है।
मान ने कहा कि पंजाब सरकार उद्योग-अनुकूल नीतियों के माध्यम से ऐसा माहौल बना रही है, जहां युवा नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने उद्योगपतियों को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
पंजाब बनेगा प्रमुख औद्योगिक हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2022 से अब तक पंजाब में 1.58 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को देश के प्रमुख औद्योगिक और निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने उद्योगपतियों से अपील करते हुए कहा कि वे पंजाब में निवेश कर राज्य के विकास और रोजगार सृजन में भागीदार बनें ताकि मिलकर “रंगले पंजाब” का सपना साकार किया जा सके।











Total Users : 290987
Total views : 493106