April 6, 2026 10:29 am

April 6, 2026 10:29 am

हरियाणा–अफ्रीका साझेदारी से विकास को मिलेगी नई रफ्तार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट–2026 में सीएम का संबोधन, ऊर्जा, कृषि और व्यापार में सहयोग बढ़ाने का आह्वान

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़, 21 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा और अफ्रीकी देशों के बीच बढ़ती साझेदारी आने वाले समय में विकास को नई गति देगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वैश्विक सहयोग के इस दौर में राज्य अफ्रीका के साथ अपने संबंधों को और व्यापक बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री नई दिल्ली में आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट–2026 के तहत भारत–अफ्रीका सामरिक साझेदारी बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपद येस्सो नाइक भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र के साथ-साथ कृषि, पशुपालन, डेयरी और बागवानी में भी अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। इन क्षेत्रों में अफ्रीकी देशों के साथ सहयोग से दोनों पक्ष एक-दूसरे के अनुभव और तकनीक का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा और अफ्रीका के रिश्ते केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये “बिजनेस टू बिजनेस” से आगे बढ़कर “हार्ट टू हार्ट” के हैं।
कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई प्रबंधन और डेयरी विकास जैसे क्षेत्रों में हरियाणा और अफ्रीका मिलकर बड़ा काम कर सकते हैं। राज्य सरकार निवेश, ज्ञान आदान-प्रदान और संस्थागत सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
ऊर्जा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा ने बिजली वितरण में उल्लेखनीय सुधार किए हैं। 90 प्रतिशत से अधिक गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति और लाइन लॉस को लगभग 9 प्रतिशत तक लाना राज्य की बड़ी उपलब्धि है।
विदेश सहयोग विभाग हरियाणा की विशेष पहल
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा देश का संभवतः एकमात्र राज्य है, जहां विदेश सहयोग विभाग स्थापित किया गया है, जिसकी निगरानी वे स्वयं करते हैं। इसका उद्देश्य व्यापार, निवेश, कौशल विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
अफ्रीकी देशों के साथ बढ़ता सहयोग
उन्होंने बताया कि केन्या और तंजानिया के साथ कृषि क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत चल रही है, जबकि युगांडा, इथियोपिया और रवांडा में ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के विकास के अवसर मौजूद हैं।
दक्षिणी, पश्चिमी और उत्तरी अफ्रीका के देशों के साथ कृषि, फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, वस्त्र और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग के व्यापक अवसरों की ओर भी उन्होंने संकेत किया।
डिजिटल परिवर्तन और जलवायु सहयोग पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अपने डिजिटल गवर्नेंस और सेवा वितरण के अनुभव को अफ्रीकी देशों के साथ साझा करना चाहता है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय समावेशन में सुधार हो सके।
उन्होंने जलवायु परिवर्तन को वैश्विक चुनौती बताते हुए नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण में संयुक्त प्रयासों का आह्वान किया।
अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह समिट हरियाणा, भारत और अफ्रीकी देशों के बीच सहयोग, मित्रता और साझा विकास के नए अध्याय की शुरुआत साबित होगी।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 6 3
Total Users : 291463
Total views : 493820

शहर चुनें