April 5, 2026 10:09 pm

April 5, 2026 10:09 pm

पंजाब की गिरती हालत पर CM नायब सिंह सैनी का बड़ा बयान

भ्रष्टाचार से त्रस्त पंजाब को चाहिए बदलाव: मुख्यमंत्री

समाना में बोले—अब बदलेगा पंजाब, खत्म होगा भ्रष्टाचार का राज

भाजपा ही दिलाएगी विकास और सुशासन: मुख्यमंत्री

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़, 21 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के कारण लगातार पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं पंजाब की हालत चिंता का विषय बनी हुई है।

पंजाब के समाना स्थित किसान पैलेस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय पंजाब खेती, खेल, सेना और उद्योग के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य था, लेकिन आज किसान परेशान, युवा हताश और परिवार अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रो. मोहन लाल शर्मा को भारतीय जनता पार्टी में शामिल करवाते हुए उनका स्वागत किया और उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने का आश्वासन दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को नवरात्रों की शुभकामनाएं भी दीं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाना के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए समाना का युद्ध 1709 का उल्लेख किया और बंदा सिंह बहादुर के साहस को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह वीर भूमि गुरुओं की शिक्षाओं और बलिदान की प्रतीक रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल पड़ोसी राज्यों का नहीं, बल्कि साझा विरासत और संघर्षों का है। उन्होंने कहा कि वे यहां एक पड़ोसी नहीं, बल्कि छोटे भाई और शुभचिंतक के रूप में आए हैं।

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने कोई भी वादा पूरा नहीं किया और पंजाब में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

हरियाणा मॉडल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है और किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व मुआवजे के रूप में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि किसानों का कर्ज माफ करने और 48 घंटे में फसल भुगतान जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने जनता से आह्वान किया कि यदि पंजाब को विकसित राज्य बनाना है तो वर्ष 2027 में भाजपा की सरकार बनानी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा की सभी कल्याणकारी योजनाएं पंजाब में भी लागू की जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद परनीत कौर ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया और लोगों से 2027 में भाजपा को समर्थन देने की अपील की। इस अवसर पर जिला प्रधान हरमेश गोयल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 1 7
Total Users : 291317
Total views : 493611

शहर चुनें