September 14, 2026 10:23 am

September 14, 2026 10:23 am

हरियाणा में 1028 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 9 अप्रैल। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए 10 से अधिक विभागों की महत्वपूर्ण परियोजनाओं और खरीद प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दे दिया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा निवास में आयोजित हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में लिया गया।
बैठक में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, डीएचबीवीएन, एचएसआईआईडीसी, पीडब्ल्यूडी, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, डीएमईआर, एफएमडीए, जीएमडीए, सिंचाई विभाग और पीएचईडी सहित विभिन्न विभागों की परियोजनाओं पर करीब 1028 करोड़ रुपये खर्च करने को मंजूरी दी गई। साथ ही बोलीदाताओं के साथ नेगोशिएशन के जरिए लगभग 96 करोड़ रुपये की बचत भी की गई।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेशवासियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य तय समय सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में 11 मीटर लंबे पीसीसी पोल, सिंगल फेस और थ्री फेस नेट मीटर तथा 25 केवीए ट्रांसफार्मरों की खरीद प्रक्रिया को मंजूरी दी गई। इसके अलावा ‘हर-हित’ रिटेल प्रोजेक्ट के तहत पूरक पोषण कार्यक्रम के लिए 29 करोड़ रुपये की कमोडिटी खरीद को भी हरी झंडी दी गई।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी अहम फैसले लिए गए। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ‘स्टूडेंट एंड फैकल्टी लाइफ साइकिल मैनेजमेंट सिस्टम’ लागू करने के लिए 5.78 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई। वहीं गुरुग्राम में स्टॉर्म वाटर डायवर्जन के सर्वे और डीपीआर के लिए 6.60 करोड़ रुपये मंजूर किए गए।
इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत करनाल के हसनपुर में होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण के लिए 47.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। फरीदाबाद में मास्टर जल आपूर्ति योजना और गुरुग्राम के धनवापुर में एमपीएस व एसटीपी निर्माण के लिए भी 17.75 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।
इसके अलावा गुरुग्राम में 665.5 एमएलडी क्षमता वाले मुख्य पंपिंग स्टेशन के लिए 101 करोड़ रुपये, पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित अटल पार्क के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये और सेक्टर-32 में विश्व स्तरीय शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु 109.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
औद्योगिक क्षेत्र में पानीपत में कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट और पंपिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 123.40 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जींद के नरवाना ब्लॉक के दनौदा गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण हेतु 15.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
बैठक में ऊर्जा मंत्री अनिल विज, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 3 1 6 9
Total Users : 413169
Total views : 663189

शहर चुनें