May 3, 2026 8:37 pm

May 3, 2026 8:37 pm

PANCHKULA NEWS: सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने निगम चुनाव के लिए कांग्रेस मेयर प्रत्याशी और वार्ड प्रत्याशियों के पक्ष में किया तूफ़ानी चुनाव प्रचार

बीजेपी के ट्रिपल इंजन के भ्रष्टाचार में निगमों का भ्रष्टाचार नंबर 1 पर है – दीपेन्द्र हुड्डा

भाजपा महिलाओं को आरक्षण देने की बाजाय सिर्फ महंगाई दे रही – दीपेन्द्र

पिछले 12 साल बीजेपी के ट्रिपल इंजन भ्रष्टाचार के जरिये लूटने का काम कर रहे– दीपेन्द्र हुड्डा

बीजेपी ने निगमों में वार्ड स्तर पर एससी आरक्षण को कम करने की साजिश रची जिसके खिलाफ कांग्रेस ने काफी लड़ाई लड़ी– दीपेन्द्र हुड्डा
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला, 3 मई। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने रविवार को पंचकुला निगम चुनाव के लिए कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज और वार्ड प्रत्याशियों के पक्ष में तूफ़ानी चुनाव प्रचार किया। इस दौरान सांसद वरुण चौधरी, सांसद कर्मवीर बौद्ध उनके साथ मौजूद रहे। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने पंचकुला में कांग्रेस चुनाव कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित किया और वार्ड 13 -14, सेक्टर 21 मार्केट, वार्ड 17 -18, अंबेडकर चौक कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर 25-26, वार्ड नंबर 20, गाँव खटोली आदि जगहों पर चुनावी जनसभा कर कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों के अंतर से विजयी बनाने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2023 में संसद से पास हुए महिला आरक्षण कानून को अपना पूर्ण समर्थन दिया था। बीजेपी ने साजिश करके महिला आरक्षण को ट्रैक से हटा दिया है। भाजपा की नीयत इसी से स्पष्ट होती है कि उसने महिलाओं को टिकट ही नहीं दी। जबकि कांग्रेस ने 5 में से 4 महिलाओं को टिकट दिए हैं। भाजपा महिलाओं को सिर्फ महंगाई दे रही है। जब तक देश भर में महिला आरक्षण लागू नहीं होगा हम सभी मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।

साँसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी शहरों की शहरों की हालत सुधारने के लिये ट्रिपल इंजन की सरकार बनवाने की बात कह रहे हैं। जबकि पिछले 12 साल से ट्रिपल इंजन की सरकार है लेकिन इनके तीनों इंजन फेल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री जी का बयान ही उनकी हार का प्रतीक है। पिछले 12 साल बीजेपी के ट्रिपल इंजन प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार के जरिये लूटने का काम कर रहे हैं। बीजेपी के ट्रिपल इंजन के भ्रष्टाचार में निगमों का भ्रष्टाचार नंबर 1 पर है। कोई ऐसा निगम नहीं जिसमें घोटाला नहीं हुआ। फरीदाबाद निगम में 200 करोड़ की सड़के फाईलों में बन गयी और पता भी नहीं चला कहां बनी। पंचकुला निगम में 160 करोड़ गायब हो गये। यानी भ्रष्टाचार करके डकार भी नहीं मारी।

रोहतक निगम में भूमि घोटाला सामने आया। कहीं सफाई घोटाला, ठेकेदारी घोटाला हुआ। आज बीजेपी का कोई एमएलए नहीं बचा होगा जो अवैध कॉलोनी काटने में लिप्त न हो। बीजेपी विधायक कॉलोनी काटते हैं और जनता कष्ट के दिन काटती है। बीजेपी पार्षद ठेकेदारी को भाजपा सिद्ध अधिकार मानते हैं। इसीलिये मुख्यमंत्री को हर शहर में जाकर कहना पड़ रहा है कि शहरी हालात सुधारने को ट्रिपल इंजन सरकार बनवाओ। अगर भाजपा ने अच्छे काम किये होते तो मेयर के टिकट काटने नहीं पड़ते। पंचकुला से जो भाजपा के मेयर प्रत्याशी हैं वो सड़कों के घोटाले में आरोपित हैं। सोनीपत में भजपा मेयर प्रत्याशी खजूर घोटाले में लिप्त हैं।

उन्होंने पंचकुला की दुर्दशा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज पंचकुला में पानी निकासी समस्या है सीवरेज समस्या, सफाई की समस्या, सीसीटीवी की दुर्दशा सभी के सामने है। हम निगमों में भ्रष्टाचार की समाप्ति करवायेंगे। भाजपा सत्ता के घमंड में अंधी हो चुकी है इसलिये उसे जनता की समस्याएं दिखायी नहीं दे रही है। भाजपा अपने वादों को भी भूल चुकी है। महिलाओं को 2100 देने का वायदा हो, 6000 बुढ़ापा पेंशन, धान की 3100 एमएसपी भूल गये। कानून-व्यवस्था का इतना बुरा हाल है कि आज फिरौती राज चल रहा है, महंगाई का ये आलम है कि गैस सिलेंडर की कीमतें आसमान छू रही हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतें कितनी बढ़ेंगी इसका अंदाजा नहीं है और ये किसी भी दिन हो जायेगा। कांग्रेस पार्टी एनडीसी, प्रापर्टी आईडी, राशन कार्ड कटवाने जैसे आम जनता से जुड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं। हम पंचकुला को स्वच्छ पंचकुला, सुंदर पंचकुला और विकास की ऊंचाईयों पर लेकर जायेंगे।
दीपेन्द्र हुड्डा ने यह भी बताया कि पहली बार ऐसा हुआ है कि बीजेपी ने निगमों में वार्ड स्तर पर एससी आरक्षण को कम करने की साजिश रची जिसके खिलाफ कांग्रेस ने काफी लड़ाई लड़ी। भाजपा ने हर जगह आरक्षण कम करने का षड्यंत्र रचा।  उन्होंने पंचकुला की जनता से अपील करी कि भाजपा के भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिये और पंचकुला का विकास कराने के लिये कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।

इससे पहले उन्होंने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की नव-नियुक्त अध्यक्षा पर्ल चौधरी के पदभार ग्रहण समारोह में सम्मिलित होकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि UPA सरकार के समय जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव 140 डॉलर प्रति बैरल था, तब गैस सिलेंडर ₹400, पेट्रोल ₹70 और डीजल ₹50 पर था और सरकार सब्सिडी देती थी। लेकिन, पिछले 12 वर्ष में जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव ऐतिहासिक रूप से कम था, तब सरकार ने सब्सिडी हटा ली और टैक्स बढ़ा दिया साथ ही सारा मुनाफा बड़ी तेल कंपनियों को सौंप दिया। हमारे समय डीजल पर ₹3, पेट्रोल पर ₹9.5 प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी थी, जो आज डीजल पर ₹24 और पेट्रोल पर ₹25 प्रति लीटर है। बीजेपी सरकार को जैसे ही ऑयल शॉक का सामना करना पड़ा, रुपया लुढ़क गया और गैस के दाम में बेतहाशा वृद्धि हो गई, जो दर्शाता है कि देश की अर्थव्यवस्था कितनी खोखली हो चुकी है। ये तो बस ट्रेलर है आगे पेट्रोल डीजल तक स्थिति और गंभीर होगी। आने वाले दिनों में कमर्शियल सिलेंडर के दामों की तर्ज पर घरेलू रसोई गैस सिलेंडर, CNG, PNG, पेट्रोल, डीजल के दाम में भी भारी बढ़ोत्तरी की आशंका से लोगों में काफी बेचैनी और घबराहट है।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल, सांसद वरुण चौधरी, सांसद कर्मवीर बौद्ध, पूर्व उप-मुख्यमंत्री और विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज, पूर्व विधायक चौ. लहरी सिंह, पूर्व विधायक निशान सिंह, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, रवींद्र रावल, मनवीर कौर गिल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय चौहान, दिव्यांशु बुद्धिराजा, जिलाध्यक्ष दुष्यंत चौहान, जिलाध्यक्ष पराग गाबा, जिलाध्यक्ष राजेश वैध, जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी, जिलाध्यक्ष पंकज डाबर, अशोक मेहता, शशि शर्मा, विजय शर्मा, चाँदवीर हुड्डा, अनिल मेहता, जगदीश राय, रविन्द्र खरड, अनूप चौहान, नवदीप शर्मा, धूम सिंह, रमण त्यागी, संदीप भारद्वाज, अजय बंसल, पवन जैन, दर्शन लाल, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी समेत अनेक वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 9 8 4 4
Total Users : 309844
Total views : 520690

शहर चुनें