September 13, 2026 10:27 am

September 13, 2026 10:27 am

पंचकूला: थानों के चक्कर खत्म, अब पुलिस खुद घर पहुंचकर करेगी सत्यापन: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन

चरित्र प्रमाण पत्र, पासपोर्ट सत्यापन, किरायेदार सत्यापन के लिए लोगों को थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

रमेश गोयत
पंचकूला, 1 जून। आमजन को पुलिस सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में पंचकूला पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशों पर अब चरित्र प्रमाण पत्र, पासपोर्ट सत्यापन, किरायेदार सत्यापन सहित अन्य सभी प्रकार के पुलिस सत्यापन कार्यों के लिए लोगों को थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नई व्यवस्था के तहत पुलिस स्वयं आवेदक के घर पहुंचकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करेगी।
नई व्यवस्था के अनुसार नागरिकों द्वारा हरसमय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद संबंधित आवेदन ऑनलाइन माध्यम से संबंधित थाना क्षेत्र में भेजा जाएगा। इसके बाद थाना प्रभारी द्वारा एक पुलिसकर्मी को आवेदक के पते पर भेजा जाएगा, जो मौके पर जाकर आवश्यक दस्तावेजों और तथ्यों का सत्यापन करेगा। सत्यापन से पहले आवेदक से फोन पर संपर्क कर उसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रक्रिया बिना किसी देरी और असुविधा के पूरी हो सके।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि इस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए अतिरिक्त निगरानी तंत्र भी लागू किया गया है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदक से फोन पर फीडबैक लिया जाएगा। इस दौरान यह जानकारी ली जाएगी कि सत्यापन करने पहुंचे पुलिसकर्मी का व्यवहार कैसा रहा, क्या किसी प्रकार की रिश्वत या अनुचित लाभ की मांग की गई और क्या आवेदक पूरी प्रक्रिया से संतुष्ट है।
उन्होंने कहा कि प्राप्त फीडबैक की नियमित समीक्षा स्वयं पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा की जाएगी और प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट मांगी जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुचित व्यवहार या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों की शिकायतों एवं सुझावों के लिए पुलिस उपायुक्त कार्यालय द्वारा मोबाइल नंबर 9115777026 जारी किया गया है। यदि किसी व्यक्ति को सत्यापन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी, देरी, अनुचित व्यवहार या भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत हो तो वह इस नंबर पर सीधे शिकायत दर्ज करा सकता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। सत्यापन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक एवं भ्रष्टाचार मुक्त सेवा मिल सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 2 6 0 7
Total Users : 412607
Total views : 662465

शहर चुनें