कैथल, 19 जुलाई। नारायण पिरामिड ध्यान केंद्र, ढांड रोड, कैथल में एक भव्य निःशुल्क ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीनियर पिरामिड मास्टर्स मीनाक्षी खुरानिया एवं निखिल खुरानिया के सान्निध्य में हुआ। इस अवसर पर ध्यानरत्न पी. वी. रामाराजू ने साधकों को अपने प्रेरणादायी उद्बोधन और निर्देशित ध्यान (गाइडेड मेडिटेशन) के माध्यम से ध्यान की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक विधि से परिचित कराया।
कार्यक्रम में कैथल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साधकों, परिवारों तथा ध्यान प्रेमियों ने भाग लिया। ध्यान सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने मानसिक शांति, आंतरिक आनंद और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।

पी. वी. रामाराजू ने अपने संबोधन में बताया कि वे ब्रह्मर्षि सुभाष पत्री जी की प्रेरणा से पिछले लगभग 20 वर्षों से ध्यान के प्रचार-प्रसार में समर्पित हैं। उन्होंने भारतीय वायुसेना की सरकारी सेवा छोड़कर अपना संपूर्ण जीवन ध्यान और मानव कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। वर्तमान में वे देशभर में भ्रमण कर हजारों-लाखों लोगों तक ध्यान का संदेश पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ध्यान प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक सरल, वैज्ञानिक और प्रभावी जीवन पद्धति है, जो मन को शांत, विचारों को सकारात्मक और जीवन को संतुलित बनाती है। नियमित ध्यान का अभ्यास तनाव, भय और नकारात्मकता को दूर कर आत्मविश्वास, आनंद और स्वस्थ जीवन की ओर ले जाता है।
सत्र के दौरान सभी प्रतिभागियों ने निर्देशित ध्यान का अभ्यास किया, जिससे उन्हें गहन शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। कई साधकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि ध्यान से उन्हें मानसिक तनाव से राहत, मन की स्थिरता और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिली।
इस अवसर पर हरियाणा दिव्य ध्यान प्रकाश यात्रा की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि 15 जुलाई को रेवाड़ी से शुरू हुई यह यात्रा रेवाड़ी, हांसी, रोहतक, हिसार, सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी और कैथल से होते हुए अंबाला, यमुनानगर, करनाल तथा जींद पहुंचेगी और 23 जुलाई को पानीपत में संपन्न होगी। आयोजकों ने बताया कि रामाराजू का कैथल आगमन साधकों के लिए प्रेरणादायी और सौभाग्यपूर्ण अवसर रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित ध्यानियों ने अन्न प्रसाद ग्रहण किया तथा नियमित ध्यान साधना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक ध्यान का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।











Total Users : 375285
Total views : 612116