June 15, 2026 8:38 pm

June 15, 2026 8:38 pm

DELHI: कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, DELHI-NCR में शीतलहर का कहर जारी

हल्की बारिश के बाद और लुढ़का पारा, 15 जनवरी तक ठंड से राहत के आसार नहीं

नई दिल्ली: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक ठंड अपने प्रचंड रूप में नजर आ रही है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्से घने कोहरे की चपेट में हैं। कई दिनों से बादलों की आवाजाही के बीच शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के अनेक इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड और बढ़ गई।

बारिश के बाद राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.3 डिग्री कम है। यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह मानी जा रही है। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय सर्दी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर हल्का कोहरा छाया रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 जनवरी तक दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा, जिसके लिए अलर्ट भी जारी किया गया है। फिलहाल धूप हल्की रहने और तापमान में खास बढ़ोतरी नहीं होने के आसार हैं।

प्रदूषण ने बढ़ाई परेशानी
सर्दी और कोहरे के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक शनिवार सुबह 7:15 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 358 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
एनसीआर के अन्य शहरों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं—फरीदाबाद में AQI 318, गुरुग्राम में 325, गाजियाबाद में 308, ग्रेटर नोएडा में 302 और नोएडा में 305 दर्ज किया गया।
राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI स्तर 300 से 400 के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 200 से 300 के दायरे में है। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल ठंड और प्रदूषण से राहत के कोई ठोस संकेत नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की जरूरत है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 2 0 3
Total Users : 344203
Total views : 569629

शहर चुनें