April 5, 2026 7:48 pm

April 5, 2026 7:48 pm

वेनेजुएला में अमेरिकी कंपनियों को पूरी सुरक्षा की गारंटी: ट्रंप

तेल-गैस दिग्गजों से व्हाइट हाउस में मुलाकात, मादुरो के बाद ‘नए वेनेजुएला’ का संकेत
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में देश की शीर्ष तेल और गैस कंपनियों के एग्जीक्यूटिव्स से मुलाकात कर वेनेजुएला में निवेश को लेकर बड़ा भरोसा दिया है। ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वेनेजुएला में काम करने वाली अमेरिकी कंपनियों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी और वे सीधे अमेरिका के साथ डील करेंगी, न कि वेनेजुएला सरकार से।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने अपने टैलेंट, तकनीक और पूंजी से दशकों पहले वेनेजुएला की तेल इंडस्ट्री खड़ी की थी, लेकिन बाद में वे एसेट “चुरा लिए गए।” उन्होंने पूर्व अमेरिकी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उनकी सरकार उन एसेट्स को लेकर “सब कुछ” करेगी।

मादुरो के जाने से खुलेगा नए भविष्य का रास्ता
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि निकोलस मादुरो के सत्ता से हटने के बाद अमेरिका और वेनेजुएला दोनों के लिए एक शानदार भविष्य संभव है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी गोलार्ध की दो बड़ी ऊर्जा शक्तियों की अर्थव्यवस्थाओं के बीच और गहरा इंटीग्रेशन होगा।
ट्रंप ने बताया कि अमेरिका की बड़ी तेल कंपनियां सरकार के नहीं, बल्कि अपने पैसों से कम से कम 100 अरब डॉलर का निवेश कर रही हैं, ताकि वेनेजुएला में जरूरी क्षमता और इंफ्रास्ट्रक्चर को दोबारा खड़ा किया जा सके।

यह अमेरिका को और अमीर व सुरक्षित बनाएगा’: जेडी वेंस
इस बैठक में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो समेत प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा कि वेनेजुएला में ऑपरेशन से अमेरिका और अधिक समृद्ध, शक्तिशाली और सुरक्षित बनेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे अमेरिका में ड्रग ओवरडोज से होने वाली मौतों में कमी आएगी।

रूस-चीन की मौजूदगी नहीं चाहते ट्रंप
मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला जाने वाली अमेरिकी कंपनियों को सिक्योरिटी गारंटी मिलेगी। डेल्सी रोड्रिग्ज के अंतरिम राष्ट्रपति बनने के बाद वेनेजुएला के साथ संबंधों पर उन्होंने कहा कि फिलहाल वे अमेरिका के सहयोगी नजर आ रहे हैं और अमेरिका नहीं चाहता कि रूस और चीन वहां सक्रिय हों।

मादुरो और पत्नी पर अमेरिका में ट्रायल
गौरतलब है कि यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका ने वेनेजुएला के विशाल कच्चे तेल भंडार का फायदा उठाने और उसके एनर्जी सेक्टर को नए सिरे से ढालने की रणनीति तेज कर दी है। हाल ही में हुए एक बड़े संयुक्त ऑपरेशन में वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को देश से बाहर ले जाया गया था।
अमेरिकी इंटेलिजेंस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई के बाद दोनों को न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में पेश किया गया, जहां उन पर ड्रग्स तस्करी और नार्को-टेररिज्म की साजिशों के गंभीर आरोप हैं। दोनों फिलहाल ट्रायल का सामना कर रहे हैं।

डेल्सी रोड्रिग्ज ने ली शपथ
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद उनकी लंबे समय से उपराष्ट्रपति रहीं डेल्सी रोड्रिग्ज ने सोमवार को वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। हालांकि, ऑपरेशन के बाद ट्रंप के “हम इंचार्ज हैं” वाले बयान से यह साफ संकेत मिला है कि अमेरिका वेनेजुएला में हो रहे घटनाक्रम पर कड़ी नजर बनाए रखेगा।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 2 5 8
Total Users : 291258
Total views : 493517

शहर चुनें