November 16, 2026 6:47 am

November 16, 2026 6:47 am

आफ द रिकार्ड–यशवीर कादियान

चमक सूरज की नहीं मेरे किरदार की है,
खबर ये आसमान के अखबार की है
मैं चलंू तो मेरे संग कारवां चले,
बात गुरूर की नहीं, ऐतबार की है
हरियाणा की सैनी सरकार के लिए युवा सशक्त्तिकरण एक नारा भर नहीं है। सरकार ने इसे लगभग हर क्षेत्र में लागू करने करवाने के लिए जी जान लड़ा रखी है। और अब तो सरकार ने प्रशासनिक क्षेत्र में भी इसे लागू करने का बीड़ा उठा लिया है। दिव्य सोच के दिग्गज इस तरह के मामलों की शुरूआत अपने घर से करते हैं। शायद इसीलिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस मौलिक और अनूठी सोच को सीएम आफिस में क्रियान्वित करने का माददा दिखाया है। अब सीएमओ युवा प्रतिभाओं का अनूठा संगम हो गया है। सीमए के पीएस अरूण कुमार गुप्ता की आईएएस रिटायरमेंट के बाद अब सीएमओ में तरूणाई का जोश ठाठे मार रहा है। अब यहां सबसे सीनियर सवा लाख से एक लड़ाऊं, जैसी श्रेष्ठ प्रतिभा के धनी संत शिरोमणि रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राजेश खुल्लर हैं जो 1988 बैच के हैं। इसके बाद सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी यशपाल यादव हैं जो वर्ष 2011 बैच के हैं। इसके बाद अगला नंबर अजय कुमार का है जो वर्ष 2013 बैच के आईएएस हैं।हो सकता है कि देर सवेर किसी और आईएएस अधिकारी की सीएमओ में एंट्री हो जाए,लेकिन तब तक तो युवा शक्ति का ये कंबीनेशन प्रदेश को न जाने कहां से कहां ले जाएगा। चिंतित मत होइए.. कहां से कहां का यहां तात्पर्य है कि शिखर की ओर ही ले जाएगा। सो प्रदेश वासियों को दिल थाम कर बैठने की जरूरत है। अपनी सीट बैल्ट लगाए रखने की जरूरत है। इस अदभुत विकास यात्रा का साक्षी बनने की जरूरत है।

सरकार के इस नायाब अंदाज पर कहा जा सकता है कि..
सूरमा जिस के किनारों से पलट कर आते हैं
मैंने किश्ती को उतारा है उसी पानी में
एक नजर इधर भी..सरकार जी
पंचकूला के सरकारी स्कूल में एक दुखदायी वारदात हो गई जिसमें आठ बरस के बच्चे ने एक छह साल की बालिका की बेहरमी से पिटाई कर दी। इस बच्ची का चंडीगढ के पीजीआई हस्पताल में इलाज चल रहा है। पिटाई इतनी बेहरमी और क्रूरता से की गई कि बच्ची करीब 40 घंटे बेहोश रही। हमलावर बच्चे से पूछताछ में ये सामने आया है कि वो मोबाइल फोन पर हिंसात्मक गेम देखता है। इस कारण से उसका बर्ताव हिंसक हो गया था और पहले भी वो मारपीट में शामिल रहा है। ये महज एक स्कूल या एक बच्चे की कहानी नहीं है। अपने यहां कोई भी बच्चा, कभी भी, मोबाइल फोन पर कुछ भी देख सकता है। कुछ भी कर सकता है। किसी किस्म की उस पर रोक टोक नहीं है। यही नहीं, अब तो अभिभावक भी ऐसे कांड करते हैं कि छोटे बच्चे को टाइम पास करने के लिए मोबाइल फोन पकड़ा देते हैं ताकि वो इसमें गेम खेलता रहे। रोते हुए बच्चे को चुप कराने का सहज,सस्ता और सरल रास्ता मोबाइल फोन ही माना गया है। अगर मां बाप घर या आफिस के किसी काम में व्यस्त हैं और बच्चा उस काम में खलल डाल रहा है तो इस समस्या का तोड़ भी मोबाइल फोन ही पाया गया है। अब समय आ गया है कि सरकार को मोबाइल फोन के इस्तेमाल के लिए सख्त कानून बनाने पर गौर करना चाहिए। अगर अभी इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में ये समस्या विकराल रूप धारण करेगी। दुनिया भर के कई देशों ने इस समस्या को समय रहते ताड़ लिया है और स्कूल के अंदर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। कुछ देशों में बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर सख्त पाबंदी है। मसलन आस्टेÑलिया में16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया अकाउंट लगाने पर प्रतिबंध है। इसी तरह मलेशिया,पुर्तगाल,फ्रांस, इटली,नीदरलैंड,फिनलैंड आदि देशों में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल और मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर कानून हैं। ब्रिटेन में 16 बरस से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक लगाने बारे कानून अगले बरस से लागू होने जा रहा है। ये ठीक है कि अपनी प्रदेश और केंद्र सरकार अपने हरियाणा और भारत को विकसित बनाने में खुद को इस कदर झौंके हुए हैं कि उनका ध्यान अभी तक इस मसले की तरफ शायद नहीं जा पाया हो। हो सकता है कि अभी वो ये सोच रहे हों कि एक दफा हम भारत को विश्व गुरू बना लें- सोने की चिड़िया का इसका पुरातन स्वरूप वापस पा लें तभी इस दिशा में ध्यान दें पाएंगे। अगर वाकई में ऐसा है तो सरकार की सोच को सलाम किया जाना चाहिए,लेकिन इस दिशा में कड़े कानून बनाने और उनका सख्ती से क्रियान्वयन न होने से बहुत से बच्चों का बचपन बर्बाद हो रहा है। मोबाइल फोन के इस्तेमाल से कई साइड इफैक्टस सामने आ रहे हैं। जब तक केंद्र सरकार का इस तरफ ध्यान ना जाए, तब तक हरियाणा सरकार को ही इस दिशा में कुछ प्रतिबंध लगाने पर विचार करना चाहिए। ये समस्या अभी जितनी दिख रही है, उस से कहीं ज्यादा गंभीर है। कहीं ज्यादा विकराल है।

सरकारी उपलब्धि
हमारे इर्द गिर्द इतनी खुशियांं हैं.. इतनी खुशियां बिखरी हुई हैं कि हम इनकी कद्र करना ही भूल गए हैं। जर्रे जर्रे और चप्पे चप्पे पर खुशियों के अंबार लगे हुए हैं,लेकिन हम इसे सेलिब्रेट ही नहीं करते। असल में ये हमारी सोच ही नहीं कि खुशियों को सेलिब्रेट किया जाए। बहुत कम अवसरों पर हम खुश होते हैं और उस से भी कम अवसरों पर हम इन खुशियों को सेलिब्रेट करते हैं। हम प्रदेश वासियों के लिए एक अच्छी खबर ये है कि देश के दस सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में से पांच हरियाणा के हैं। सबसे टोप पर अपना फरीदाबाद है। सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में रिवाड़ी चौथे नंबर पर है तो सोनीपत छठे,गुरूग्राम आठवेंऔर रोहतक नौवें स्थान पर मजबूती से कायम है। कभी आप ने कल्पना की है कि आबादी और क्षेत्रफल के हिसाब से पिद्दी से प्रदेश हरियाणा को ये पराक्रम करने के लिए सरकारों ने कितनी मेहनत की होगी। 24 घंटे में से 48 घंटे काम किया होगा तभी जा कर ये चमत्कार हो पाया है। ये छोटी उपलब्धि नहीं है। बड़े लोग बड़े लक्ष्य तय करते हैं और फिर और बड़े लक्ष्य.. कहीं ज्यादा ऊंचे लक्ष्य तय करते हैं और फिर उसे हासिल भी करते हैं। इनका मुकाबला किसी से नहीं,खुद से ही होता है। अपनी ही धुन में ये लगे रहते हैं। रमे रहते हैँ। कोई और प्रदेश होता या कोई और सरकार होती तो हो सकता है कि अगर कोई एक शहर टोप टैन में आ गया है तो इसी पर जश्न मना लेती। मगर अपनी सरकार में अपने यहां जश्न के हाई स्टैडर्ड हैं और हम इन से कभी समझौता नहीं करते। हमारी कामयाबी की एक बड़ी वजह ये भी है कि हम अपने लक्ष्य निरंतर अपडेट करते रहते हैं। आज अगर हमारे पांच शहर सबसे प्रदूषित श्रेणी में है तो इसका ये मतलब कतई नहीं कि हम बाकि पांच शहरों का इस सूची से बाहर खदेड़ने के लिए प्रयास नहीं करेंगे। हम इस दिशा में मेहनत कर रहे हैं और हम ये लक्ष्य भी हासिल कर के ही रहेंगे। आप सोचिए कि फरीदाबाद और गुरूग्राम को ये बड़ी उपलब्धि हासिल हो गई है तो फिर पानीपत का क्या कसूर है? कभी आप ने सोचा भी है कि पानीपत के लोगों पर क्या गुजर रही होगी? कुरूक्षेत्र,करनाल,अंबाला,सिरसा,जींद कैथल आदि का क्या गुनाह है? सर्वांगीण विकास किसे कहा जाता है? यही कि सभी दिशाओं में समुचित विकास हो। बराबरी का विकास हो। कोई भी व्यक्ति विकास की दौड़ में खुद को अछता ना समझे। अंतिम पंक्ति में खड़े, अंतिम व्यक्ति तक ये विकास पहुंचना ही चाहिए। अगर कोई व्यक्ति लाइन में दूर खड़ा है तो इसका ये मतलब हरगिज नहीं निकाला जाना चाहिए कि वो खुद को इस विकास यात्रा में शामिल नहीं करवाना चाहता हो। हो सकता है कि रोजी रोटी के संकटों के चलते उसे इस यात्रा में देर से शामिल होने का अवसर मिला हो। ऐसे में ही तो सरकार का दायित्व शुरू होता है कि बिना किसी भय के,बिना किसी पक्षपात के,बिना किसी धर्म,लिंग,वर्ण के किसी भी नागरिक से किसी भी स्तर पर भेद न किया जाए। सबको समान अवसर मुहैया करवाए जाए। सबकी बल्ले बल्ले करवाई जाए। सब की मौज करवाई जाए। अब भी जो लोग सरकार को इस उपलब्धि का डयू नहीं देते मेरी नजर वो देशद्रोही हैं और उनको पाकिस्तान में जा कर बस जाना चाहिए। मतलब एक नागरिक को एक सरकार से क्या ही चाहिए? कितना ही चाहिए? सोच कर देखो तो सही कि हमारे यहां यूपी जैसे 22 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश हैं तो वित्तीय राजधानी मुंबई को हथियाए हुए महाराष्ट्र जैसे प्रदेश भी हैं,लेकिन अभी वो भी हरियाणे जैसा कारनामा नहीं कर पाए। ढाई करोड़ की आबादी वाले हरियाणा ने इतिहास रच दिए। गर्व से कहिए कि हरियाणा एक और हरियाणवी एक। और एक महत्वपूर्ण बात.. अपने को इस उपलब्धि को यंू ही नहीं खाली सेलिब्रेट करना है। पहले वंदे मातरम का गायन करना है। बिना इसके ये सेलिब्रेशन कंपलीट नहीं माना जाएगा। सरकार के विकास के इस जज्बे पर यही कहा जा सकता है कि..
जलाने वाले जलाते ही चराग आखिर
ये क्या कहा कि हवा तेज है जमाने की
या
यकीन हो तो कोई रास्ता निकलता है
हवा की ओट लेकर भी चराग जलता है
या
अभी तो शोला ए जां में लपक नहीं आई
कुछ और तेज हवाओं को मेरी जां कर दे
या
ना किसी से ईर्ष्या,ना किसी से कोई होड़
मेरी अपनी मंजिल,मेरी अपनी दौड़

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 9 0 0
Total Users : 454900
Total views : 719945

शहर चुनें