November 16, 2026 3:36 am

November 16, 2026 3:36 am

रेड लाइट पर हेलमेट पहने पिता-बेटी को पंचकूला पुलिस ने दिया खास सरप्राइज, चॉकलेट और जूस देकर किया प्रोत्साहित

बच्ची ने मुस्कुराकर कहा- थैंक्यू पुलिस अंकल; पुलिस कमिश्नर पंकज नैन बोले- ऐसे नन्हे बच्चे ही सड़क सुरक्षा के असली ब्रांड एम्बेसडर

बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 6 नवंबर। सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने वालों को अक्सर पुलिस की ओर से सराहना कम ही मिलती है, लेकिन पंचकूला पुलिस ने इस बार चालान की जगह चॉकलेट और जूस देकर एक छोटी बच्ची का दिल जीत लिया। ओल्ड पंचकूला की एक रेड लाइट पर हुई यह छोटी-सी पहल न केवल बच्ची के चेहरे पर मुस्कान ले आई, बल्कि सड़क सुरक्षा का एक बड़ा संदेश भी दे गई।
मामला शुक्रवार का है। एक पिता अपनी बेटी को एक्टिवा पर स्कूल से घर लेकर लौट रहे थे। रेड लाइट पर पहुंचने के बाद उन्होंने वाहन रोककर हरी बत्ती होने का इंतजार किया। खास बात यह थी कि पिता के साथ उनकी बेटी ने भी हेलमेट पहन रखा था। दोनों को यातायात नियमों का पालन करते देख वहां ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक मनोज ने बच्ची को प्रोत्साहित करने का फैसला किया।
पुलिसकर्मी ने बच्ची को प्यार से चॉकलेट और जूस का पैकेट उपहार में दिया। अचानक मिले इस सरप्राइज से बच्ची के चेहरे पर खुशी छा गई। उसने मुस्कुराते हुए पुलिसकर्मी से कहा, ‘थैंक्यू पुलिस अंकल।’ बच्ची की मासूम प्रतिक्रिया सुनकर उसके पिता भी मुस्कुरा उठे। कुछ देर बाद हरी बत्ती होने पर पिता-बेटी अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

चालान के साथ अच्छे व्यवहार को प्रोत्साहन भी दे रही पुलिस
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, पंचकूला पुलिस यातायात नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक पहल कर रही है। इसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
पुलिस की इस पहल में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात संकेतों का पालन करने वाले लोगों की सराहना की जा रही है, ताकि दूसरे नागरिक भी उनसे प्रेरणा लें। पुलिस का मानना है कि नियमों का पालन करने वालों को सम्मान और प्रोत्साहन देने से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों का व्यवहार बदलने में मदद मिल सकती है।

बच्चे बन सकते हैं सड़क सुरक्षा अभियान की ताकत : पंकज नैन
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करना नहीं है, बल्कि नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार नागरिकों की हौसला अफजाई करना भी है। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की बड़ी ताकत हैं। यदि बच्चे छोटी उम्र से ही सड़क सुरक्षा के महत्व को समझेंगे तो वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऐसे नन्हे बच्चे ही सड़क सुरक्षा के असली ब्रांड एम्बेसडर हैं। उनकी जागरूकता और सकारात्मक सोच से सुरक्षित यातायात की संस्कृति को मजबूत किया जा सकता है।
ओल्ड पंचकूला की रेड लाइट पर चॉकलेट और जूस के रूप में दिया गया यह छोटा-सा उपहार दरअसल एक बड़ा संदेश है कि सड़क पर नियमों का पालन करना केवल जुर्माने से बचने का तरीका नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 8 6 5
Total Users : 454865
Total views : 719897

शहर चुनें