November 15, 2026 1:39 am

November 15, 2026 1:39 am

दीपावली पर आंखों की चोटों से निपटने के लिए पीजीआईएमईआर पूरी तरह तैयार, 20 विशेषज्ञ डॉक्टरों की रहेगी तैनाती

एडवांस्ड आई सेंटर में 8 से 10 नवंबर तक चौबीसों घंटे मिलेगी आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, गंभीर मरीजों की बड़ी सर्जरी भी बिना इंतजार होगी; ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री निशुल्क देगा पीजीआई

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 7 नवंबर। दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और आंखों की चोटों को देखते हुए पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के एडवांस्ड आई सेंटर ने विशेष तैयारियां की हैं। त्योहार के दौरान किसी भी मरीज को आपातकालीन उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े, इसके लिए चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की अलग टीम गठित की गई है। यह टीम 8 से 10 नवंबर तक चौबीसों घंटे आंखों से संबंधित सभी प्रकार की आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाएगी।
एडवांस्ड आई सेंटर की ओर से 7 नवंबर को जारी जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन 8 नवंबर को 20 समर्पित चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। इसके साथ ही एक अलग एनेस्थीसिया टीम भी चौबीसों घंटे सेवाएं देगी, ताकि गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन दिनों आंखों की चोटों से संबंधित सभी आपातकालीन उपचार और बड़ी सर्जरी भी बिना किसी प्रतीक्षा के की जाएंगी।

सर्जरी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का खर्च नहीं उठाना पड़ेगा
पीजीआई प्रशासन की ओर से मरीजों को राहत देते हुए सर्जरी में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक सामग्री निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा दीपावली के बाद के दिनों में भी 20 से अधिक चिकित्सकों की टीम आपातकालीन सेवाओं के साथ ऑपरेशन के बाद मरीजों की देखभाल और वार्ड प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगी।
हर साल 60 से अधिक मरीज पहुंचते हैं अस्पताल
एडवांस्ड आई सेंटर के पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों के अनुसार, दीपावली के आसपास हर साल 60 से अधिक मरीज पटाखों से संबंधित आंखों की चोटों के कारण अस्पताल पहुंचते हैं। चिंताजनक बात यह है कि इनमें से लगभग 60 से 70 प्रतिशत मरीजों को बेहद गंभीर चोटें होती हैं। कई मामलों में आंखों की रोशनी तक प्रभावित होने का खतरा रहता है। इसी स्थिति को देखते हुए संस्थान ने आपातकालीन व्यवस्थाओं के साथ-साथ लोगों को पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने और आंखों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क नंबर
दीपावली के दौरान आंखों से संबंधित किसी भी आपातकालीन स्थिति में एडवांस्ड आई सेंटर, पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ से इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
मोबाइल नंबर : 9814014464
दूरभाष : 0172-2756117
संस्थान का उद्देश्य दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली आंखों की दुर्घटनाओं में प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार उपलब्ध करवाना और आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करना है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 1 6
Total Users : 454216
Total views : 719031

शहर चुनें