November 15, 2026 1:39 am

November 15, 2026 1:39 am

दीपावली पर पटाखों से आंखों को बचाएं, जरा सी लापरवाही छीन सकती है रोशनी; पीजीआई के नेत्र विशेषज्ञों ने जारी की सलाह

पटाखों की चिंगारियों से कॉर्निया में खरोंच से लेकर आंख का गोलक फटने तक का खतरा, बच्चों पर रखें विशेष निगरानी; आंख में चोट लगने पर तुरंत लें चिकित्सकीय सहायता

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 7 नवंबर। दीपावली का त्योहार रोशनी, खुशियों और उत्साह का प्रतीक है, लेकिन पटाखे जलाने के दौरान बरती गई थोड़ी सी लापरवाही आंखों की रोशनी पर भारी पड़ सकती है। आतिशबाजी से निकलने वाली चिंगारियां और छोटे-छोटे कण आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी को लेकर पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के उन्नत नेत्र केंद्र के विशेषज्ञों ने दीपावली पर आंखों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानियां बरतने की सलाह जारी की है।
नेत्र विशेषज्ञों के अनुसार दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं के कारण अस्पतालों के आपातकालीन विभाग में आंखों की चोटों के मामले बढ़ जाते हैं। पटाखों से आंखों के कॉर्निया पर खरोंच आ सकती है, घाव हो सकते हैं और बाहरी कण आंख के भीतर प्रवेश कर सकते हैं। गंभीर मामलों में आंख का गोलक तक फट सकता है। ऐसी चोटें दृष्टि को मध्यम से लेकर गंभीर स्तर तक प्रभावित कर सकती हैं और कई बार स्थायी रूप से रोशनी जाने का खतरा भी पैदा हो जाता है।

6 से 8 फीट की दूरी बनाए रखना जरूरी
पीजीआई के विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि पटाखे जलाते समय ही नहीं, बल्कि आतिशबाजी देखते समय भी कम से कम 6 से 8 फीट की सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए। पटाखों से निकलने वाली चिंगारियों और कणों से बचाव के लिए सुरक्षात्मक चश्मे का इस्तेमाल करना चाहिए। बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे जलाने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। अभिभावकों को हर समय उनके साथ रहना चाहिए।
विशेषज्ञों ने पटाखे घरों, वाहनों और सूखी घास के आसपास जलाने से बचने तथा खुले स्थान का चयन करने की सलाह दी है। पटाखे जलाते समय पास में पानी से भरी बाल्टी, रेत और प्राथमिक उपचार किट रखनी चाहिए। सिंथेटिक कपड़ों की जगह सूती कपड़े पहनना अधिक सुरक्षित है। पटाखों को छूने या संभालने के बाद हाथ अच्छी तरह धोने चाहिए।

फुस्स पटाखे को दोबारा जलाने की न करें कोशिश
नेत्र विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि जो पटाखा जलने के बाद नहीं फूटता, उसे दोबारा जलाने या उसके पास जाकर देखने की गलती न करें। पटाखे जलाते समय कॉन्टैक्ट लेंस पहनने से भी बचना चाहिए। आतिशबाजी के दौरान पटाखों को किसी दूसरे व्यक्ति की ओर फेंकना या चेहरे के नजदीक जलाना बेहद खतरनाक हो सकता है।

आंख में चोट लगे तो न रगड़ें, न दबाव डालें
विशेषज्ञों ने कहा है कि यदि पटाखे का कोई कण आंख में चला जाए तो आंख को बिल्कुल न रगड़ें। ऐसी स्थिति में खुद उपचार करने के बजाय तुरंत नेत्र चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। यदि आंख जल जाए या झुलस जाए तो उसमें कोई मरहम न लगाएं और न ही आंख को धोने का प्रयास करें। आंख पर बिना दबाव डाले साफ कपड़े या सुरक्षात्मक कवच से हल्के से ढककर तुरंत नजदीकी नेत्र रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचें।
पीजीआई के उन्नत नेत्र केंद्र की ओर से जारी इस जनहित सलाह में लोगों से अपील की गई है कि वे दीपावली की खुशियां मनाते समय अपनी और अपने परिवार की आंखों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
विशेषज्ञों का संदेश है कि इस दीपावली रोशनी को चमकने दें, लेकिन पटाखों की चिंगारियों को अपनी आंखों तक न पहुंचने दें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 2 1 6
Total Users : 454216
Total views : 719031

शहर चुनें