November 14, 2026 10:16 pm

November 14, 2026 10:16 pm

जमीन का नक्शा मंजूर करवाने के लिए नायब तहसीलदार कार्यालय के रीडर और अधिवक्ता पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, नोटरी अधिवक्ता गिरफ्तार

एसवी एंड एसीबी रोहतक की टीम ने झज्जर में बिछाया जाल,  नोटरी अधिवक्ता परवीन कादियान को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

नायब तहसीलदार कार्यालय के रीडर विजय की भी सामने आई भूमिका, शिकायत के अनुसार दोनों ने मांगी थी रिश्वत

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 13 नवंबर। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) की रोहतक टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमीन का नक्शा मंजूर करवाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में एक निजी व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवीन कादियान (46 वर्ष), निवासी गांव दुबलधन, जिला झज्जर के रूप में हुई है, जो पेशे से अधिवक्ता है। इस मामले में नायब तहसीलदार कार्यालय के रीडर विजय की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।

नायब तहसीलदार कार्यालय के रीडर और नोटरी अधिवक्ता पर रिश्वत मांगने का आरोप

मामले में शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि उसकी जमीन का नक्शा मंजूर करवाने के बदले नायब तहसीलदार कार्यालय के रीडर विजय और निजी व्यक्ति परवीन कादियान द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी रोहतक की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान अधिवक्ता परवीन कादियान को 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में नायब तहसीलदार कार्यालय के रीडर विजय की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि, उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस संबंध में एसवी एंड एसीबी थाना रोहतक में एफआईआर नंबर 37, दिनांक 13 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप की कार्रवाई सीडीसी/इंस्पेक्टर देवेंद्र, एसवी एंड एसीबी यूनिट झज्जर के नेतृत्व में की गई। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DF&SC), झज्जर आदित्य कौशिक तथा शैडो गवाह के रूप में इंस्पेक्टर सुमित मौजूद रहे।

रिश्वत मांगने वालों की सूचना ब्यूरो को दें

एसवी एंड एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अथवा उसकी ओर से कोई निजी व्यक्ति रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो को दें, ताकि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। नागरिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी भ्रष्टाचार संबंधी सूचना दे सकते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 1 4 6
Total Users : 454146
Total views : 718935

शहर चुनें