सेक्टर-15 में 9.39 करोड़ की लागत से बनेगी ‘स्ट्रीट फॉर पीपल’, सेक्टर-24 में 9.61 करोड़ रुपये से बनेगा आधुनिक सामुदायिक केंद्र
स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार दूसरी बार देश में दूसरा स्थान हासिल करने पर नगर निगम और शहरवासियों को दी बधाई, अगले वर्ष पहले स्थान का लक्ष्य
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 13 नवंबर। चंडीगढ़ के नागरिक बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में शहर को करीब 22 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को सेक्टर-15 और सेक्टर-24 में आठ पूरी हो चुकी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से शहर में पैदल चलने वालों की सुविधाओं, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार होगा।
प्रशासक द्वारा जिन दो नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनमें सेक्टर-15 में 9.39 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली ‘स्ट्रीट फॉर पीपल’ परियोजना और सेक्टर-24 में 9.61 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला आधुनिक सामुदायिक केंद्र शामिल है।

सेक्टर-15 और 24 को मिलीं नई सुविधाएं
सेक्टर-15 में बनने वाली ‘स्ट्रीट फॉर पीपल’ परियोजना के तहत पैदल यात्रियों के लिए बेहतर रास्ते और साइकिल ट्रैक विकसित किए जाएंगे। बाजार क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करने के साथ-साथ बेहतर रोशनी, बैठने की व्यवस्था और वर्षा जल संचयन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और आम नागरिकों के अनुकूल बनाना है।
वहीं, सेक्टर-24 में लगभग 1.28 एकड़ भूमि पर आधुनिक सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा। इसमें बहुउद्देश्यीय सभागार, संपर्क केंद्र, इनडोर खेल सुविधाएं, व्यायामशाला, पुस्तकालय और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कक्ष बनाया जाएगा। इससे सेक्टर-24 और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

इन आठ विकास कार्यों का हुआ उद्घाटन
प्रशासक ने जिन आठ पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें सेक्टर-11 और सेक्टर-15 को जोड़ने वाले भूमिगत मार्ग का नवीनीकरण, सेक्टर-15 के सामुदायिक केंद्र का नवीनीकरण और सेक्टर-24-सी में सार्वजनिक शौचालयों का पुनर्निर्माण शामिल है।
इसके अलावा सेक्टर-15 स्थित पटेल मार्केट के पीछे शून्य कचरा आधारित आधुनिक फूड स्ट्रीट विकसित की गई है। सेक्टर-15-ए, 15-सी और 15-डी के चार पार्कों का भी सुधार एवं सौंदर्यीकरण किया गया है। इन कार्यों से स्थानीय निवासियों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी और शहर के बाजारों तथा हरित क्षेत्रों की व्यवस्था में सुधार होगा।

स्वच्छता में दूसरे स्थान पर रहने पर दी बधाई
इस अवसर पर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने के लिए नगर निगम, सफाई कर्मचारियों और शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हालांकि, अब लक्ष्य अगले वर्ष देश में पहला स्थान हासिल करने का होना चाहिए।
उन्होंने इसके लिए नागरिकों से स्वच्छता अभियानों में अधिक सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।

समय पर पूरे हों विकास कार्य, गुणवत्ता से समझौता न हो
प्रशासक ने कहा कि किसी भी शहर के विकास का वास्तविक आकलन वहां रहने वाले लोगों को प्रतिदिन मिलने वाली सुविधाओं की गुणवत्ता से होता है। विकास परियोजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। साथ ही सार्वजनिक संपत्तियों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे सार्वजनिक सुविधाओं को अपनी संपत्ति समझकर उनकी देखभाल करें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग दें।

नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान का भी किया उल्लेख
प्रशासक ने चंडीगढ़ में नशे के कारोबार और नशे की लत की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर 2026 से चंडीगढ़ प्रशासन, चंडीगढ़ पुलिस और नगर निगम ने मिलकर नशा तस्करी रोकने तथा शहर में नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया है।
इसके साथ ही नगर निगम और सहयोगी संस्थाओं की मदद से घर-घर जाकर अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से नशे की लत से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता और उपचार उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में चंडीगढ़ की अहम भूमिका
कटारिया ने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, खेलों और हरित क्षेत्र के विस्तार में चंडीगढ़ की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने सुखना वेटलैंड को रामसर स्थल के रूप में मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान को शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि एक सुनियोजित शहर होने के नाते चंडीगढ़ की जिम्मेदारी है कि वह समावेशी और पर्यावरण के अनुकूल शहरी विकास का उदाहरण प्रस्तुत करे। शहर का विकास इस प्रकार होना चाहिए कि आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य में चंडीगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
इससे पहले महापौर सौरभ जोशी ने प्रशासक का स्वागत किया और विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेक्टर-15 की ‘स्ट्रीट फॉर पीपल’ परियोजना से पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, सेक्टर-24 का आधुनिक सामुदायिक केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए विभिन्न गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के अंत में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने इन परियोजनाओं को पूरा करने में योगदान देने वाले अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।













Total Users : 454140
Total views : 718916