September 20, 2026 3:54 am

September 20, 2026 3:54 am

दिल्ली में 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर आज होंगे शुरू, कुल संख्या 319 पहुंची

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के विस्तार के साथ आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) और आयुष्मान भारत–वय वंदना योजना को प्रभावी रूप से लागू करने में जुटी है। इसी कड़ी में बुधवार को विस्तार के पांचवें चरण के तहत 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली की जनता को समर्पित किए जाएंगे।

इन नए केंद्रों के शुरू होने के बाद राजधानी में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की कुल संख्या 238 से बढ़कर 319 हो जाएगी। सरकार का दावा है कि इससे वार्ड और मोहल्ला स्तर पर प्राइमरी हेल्थकेयर सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।

हर घर के पास मुफ्त, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवा का लक्ष्य
आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली सरकार की वह महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य हर नागरिक को उसके घर के पास मुफ्त, सुलभ और सम्मानजनक प्राइमरी हेल्थकेयर उपलब्ध कराना है।
प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में निम्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं—
डॉक्टरों द्वारा परामर्श
जरूरी दवाइयां और डायग्नोस्टिक टेस्ट
डायबिटीज, हाइपरटेंशन और कैंसर की स्क्रीनिंग
मां और बच्चे की स्वास्थ्य सेवाएं
मुफ्त टीकाकरण और ग्रोथ मॉनिटरिंग
लाइफस्टाइल काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं
योग, पोषण और वेलनेस मार्गदर्शन
इन सेवाओं से बड़े सरकारी अस्पतालों पर दबाव भी काफी हद तक कम हुआ है।

6.91 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड जारी : स्वास्थ्य मंत्री
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 13 जनवरी 2026 तक राजधानी में 6,91,530 आयुष्मान हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
सेकेंडरी और टर्शियरी केयर तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली में 189 अस्पतालों को पैनल में शामिल किया गया है, जिनमें—
138 निजी अस्पताल
41 दिल्ली सरकार के अस्पताल
10 केंद्र सरकार के अस्पताल
शामिल हैं। पैनल में शामिल सभी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार बिना किसी खर्च के इलाज करा सकें।
36.31 करोड़ रुपये से अधिक के क्लेम सेटल
स्टेट हेल्थ एजेंसी दिल्ली की देखरेख में आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 36,31,07,621 रुपये के क्लेम सेटल किए जा चुके हैं। इससे हजारों परिवारों को वित्तीय सुरक्षा मिली है और इलाज पर होने वाला निजी खर्च कम हुआ है।
इलाज नहीं, भरोसेमंद हेल्थकेयर सिस्टम बना रहे हैं : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली के हर नागरिक तक प्राइमरी हेल्थकेयर पहुंचाने के तरीके को तेजी से बदल रहे हैं।
उन्होंने कहा,
“यह सिर्फ बीमारी का इलाज करने की योजना नहीं है, बल्कि हर परिवार को घर के पास एक भरोसेमंद हेल्थकेयर सिस्टम देना हमारा उद्देश्य है। 319 केंद्रों के साथ हम दिल्ली के हर इलाके में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रहे हैं।”
आधुनिक और रोकथाम पर केंद्रित हेल्थ इकोसिस्टम की ओर दिल्ली
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का विस्तार, PM-JAY और वय वंदना योजना के तहत मजबूत कवरेज तथा तेजी से बढ़ता अस्पताल नेटवर्क मिलकर दिल्ली को एक आधुनिक, टिकाऊ और रोकथाम आधारित हेल्थकेयर इकोसिस्टम की दिशा में आगे ले जा रहा है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 5 0 0
Total Users : 416500
Total views : 667586

शहर चुनें