June 15, 2026 2:14 pm

June 15, 2026 2:14 pm

DELHI: तुर्कमान गेट पत्थरबाजी मामला: दो और आरोपी गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारी 20

50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ, CCTV और FRS से पहचान जारी
नई दिल्ली: तुर्कमान गेट इलाके में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई पत्थरबाजी के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) के जरिए कर रही है।
हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई के दौरान हुई थी हिंसा
दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद जब दिल्ली पुलिस और एमसीडी की टीम फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची, तभी करीब 25–30 लोगों ने पुलिस और निगम अधिकारियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। घटना के बाद से पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
दो नए आरोपियों की पहचान इमरान और अदनान के रूप में
ताजा गिरफ्तारी में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान और अदनान के रूप में हुई है। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही अब इस मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 20 हो गई है।
पांच आरोपियों की जमानत याचिका पर आज फैसला
इससे पहले दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने पत्थरबाजी के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया था।
जुडिशियल मजिस्ट्रेट सायेशा चड्ढा ने आदेश दिया है कि जमानत याचिका पर 14 जनवरी को फैसला सुनाया जाएगा। कोर्ट ने 8 जनवरी को सभी पांच आरोपियों को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपियों में मोहम्मद अरीब, काशिफ, अदनान, मोहम्मद कैफ और समीर शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस ने चांदनी महल थाने में इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 132, 121, 191, 223A और प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।

8 जनवरी को छह और आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने 8 जनवरी को इस मामले में अफान, आदिल, शाहनवाज, हमजा, अतहर और उबेद को भी गिरफ्तार किया था। ये सभी आरोपी तुर्कमान गेट इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

7–8 जनवरी की रात हुई थी घटना
यह घटना 7 और 8 जनवरी की दरम्यानी रात को रामलीला मैदान क्षेत्र के पास फैज-ए-इलाही मस्जिद के नजदीक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान हुई थी।
कार्रवाई के बाद हिंसा भड़क उठी और पुलिस पर जमकर पथराव किया गया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में इलाके के एसएसओ भी शामिल हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट से भड़की भीड़
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैलाई गई कि तुर्कमान गेट स्थित मस्जिद को गिराया जा रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस का कहना है कि करीब 150 से 200 लोग हिंसा में शामिल थे।
पुलिस का बयान: हालात न्यूनतम बल प्रयोग से काबू में
सेंट्रल रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि कार्रवाई से पहले अमन कमेटी और स्थानीय लोगों के साथ कई समन्वय बैठकें की गई थीं।
उन्होंने कहा, “सभी निवारक और विश्वास-निर्माण उपाय किए गए थे, लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने पत्थरबाजी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। स्थिति को न्यूनतम और मापी हुई कार्रवाई से तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।”

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 5 8
Total Users : 344058
Total views : 569429

शहर चुनें