April 6, 2026 1:32 pm

April 6, 2026 1:32 pm

नशा तस्करों पर पंचकूला पुलिस का कड़ा प्रहार; अवैध कमाई से बनी संपत्तियों पर चला बुलडोजर, दो गांजा तस्करों की झुग्गियां ध्वस्त

पंचकूला | 21 जनवरी 2026। पंचकूला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पंचकूला पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए नशे की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को जमींदोज कर दिया। वर्ष 2019 में अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किए गए दो गांजा तस्करों की अवैध झुग्गियों पर बुलडोजर चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी नशा तस्करों के खिलाफ लगातार और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
2019 में गांजा तस्करी के मामलों में हुई थी गिरफ्तारी
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2019 में पंचकूला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नशा तस्करों को गिरफ्तार किया था।
पहले मामले में आरोपी अमर सिंह निवासी पिंजौर को उसकी महिला साथी के साथ 18 किलो गांजा सहित काबू किया गया था, जिस पर थाना पिंजौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
दूसरे मामले में आरोपी सुलतान सिंह को 35 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसका मामला थाना चंडीमंदिर में दर्ज है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की गई थी।

नगर परिषद की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई
आज इस कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी ने नगर परिषद कालका की टीम के साथ संयुक्त रूप से पिंजौर निवासी अमर सिंह और सुलतान सिंह की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पिंजौर क्षेत्र के वासुदेवपुरा में झुग्गियों में रह रहे थे, जिन्हें नशे की अवैध कमाई से बनाया गया था।

नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं”
पंचकूला पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने कहा कि नशा तस्करी समाज के लिए एक गंभीर खतरा है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “पंचकूला पुलिस की नीति स्पष्ट है। नशे का कारोबार करने वालों को सिर्फ जेल भेजना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे खड़ी की गई संपत्तियों को भी खत्म किया जाएगा। नशा तस्करों को चिन्हित कर उनकी संपत्तियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस कमिश्नर ने आगे कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से नशा तस्करों में भय पैदा होगा और युवा पीढ़ी को इस जहर से बचाया जा सकेगा। आने वाले समय में भी पंचकूला पुलिस नशा मुक्त समाज के संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ाते हुए इसी तरह कठोर कदम उठाती रहेगी।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 9 8
Total Users : 291498
Total views : 493864

शहर चुनें