April 12, 2026 3:06 pm

April 12, 2026 3:06 pm

पाँच-दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पर देशभर में बैंक हड़ताल, चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन

चंडीगढ़, 27 जनवरी 2026: पाँच-दिवसीय कार्य सप्ताह को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर सोमवार को देशभर में बैंक कर्मचारियों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल की। हड़ताल के चलते सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, कई निजी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों का कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
चंडीगढ़ में सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वायर में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने कार्य-जीवन संतुलन, मानवीय कार्य परिस्थितियों और पूर्व में हुए समझौतों के पालन की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
UFBU नेताओं ने कहा कि पाँच-दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग लंबे समय से लंबित है और मार्च 2024 में वेतन संशोधन वार्ताओं के दौरान भारतीय बैंक संघ (IBA) और UFBU के बीच इस पर सैद्धांतिक सहमति भी बन चुकी है। इसके बावजूद अब तक आवश्यक सरकारी स्वीकृति और अधिसूचना जारी न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही देरी के कारण कर्मचारियों को लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
नेताओं ने बताया कि बैंक कर्मचारी भारी कार्यभार, लंबे कार्य घंटे और छुट्टियों व सप्ताहांत में भी ड्यूटी के दबाव से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में, जब बैंकिंग प्रणाली तेजी से डिजिटल हो चुकी है और अधिकांश लेन-देन ऑनलाइन हो रहे हैं, छह-दिवसीय कार्य सप्ताह अव्यावहारिक और कर्मचारियों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है।


प्रदर्शन के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि बैंक कर्मचारी जनता को सेवा देने के विरोधी नहीं हैं, बल्कि वे न्यायसंगत और टिकाऊ कार्य परिस्थितियों की मांग कर रहे हैं, जिससे बैंकिंग व्यवस्था और मजबूत होगी। UFBU ने दोहराया कि हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और संवैधानिक दायरे में रही।
UFBU ने केंद्र सरकार से अपील की कि बैंकों में पाँच-दिवसीय कार्य सप्ताह को बिना किसी और देरी के स्वीकृति देकर लागू किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलनात्मक कार्यक्रम जारी रहेंगे।
धरना-प्रदर्शन में प्रियव्रत, इकबाल माल्ही, जगदीश राय, ऋषि उपाध्याय, पंकज शर्मा, सचिन कटियार, बिनय सिन्हा, संजय महाजन, मुकेश कुमार, क्रांति, कौशल, गुरबक्ष सिंह, शीना हूडा, मंजू शर्मा, प्रेम पवार, विनय कुमार, जसबीर सिंह, गौरब शर्मा, वालिया सहित बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 5 5 1 7
Total Users : 295517
Total views : 499695

शहर चुनें