लेखक : डॉ. अंकिता नेगी, असिस्टेंट प्रोफेसर (शल्य तंत्र विभाग), राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला
गुदा से रक्तस्राव, दर्द, खुजली या सूजन होने पर हर बार इसे बवासीर समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। गुदा और मलाशय से जुड़े कई ऐसे रोग हैं, जिनके लक्षण एक जैसे दिखाई देते हैं, लेकिन उनकी प्रकृति और उपचार अलग-अलग होते हैं। कई बार रक्तस्राव किसी गंभीर बीमारी, यहां तक कि कैंसर का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। इसके बावजूद सामाजिक संकोच, घरेलू नुस्खों और भ्रामक विज्ञापनों के चलते लोग महीनों तक बीमारी छिपाए रखते हैं। इसी झिझक को तोड़ने और समय पर जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 20 नवंबर को विश्व बवासीर दिवस मनाया जाता है। आयुर्वेद में इन रोगों के उपचार की समृद्ध शल्य परंपरा रही है। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला का शल्य तंत्र विभाग आधुनिक जांच पद्धतियों के साथ क्षार सूत्र सहित विभिन्न आयुर्वेदिक उपचारों के माध्यम से रोगियों को राहत देने की दिशा में कार्य कर रहा है।
बवासीर (अर्श) में गुदा नलिका के भीतर और आसपास की रक्त वाहिकाओं की गद्दियां सूज जाती हैं। इसमें सामान्यतः मल त्याग के समय बिना दर्द के चटख लाल रक्त आता है, गुदा में भारीपन रहता है और जोर लगाने पर मस्से बाहर निकल सकते हैं। परंतु हर गुदा रोग बवासीर नहीं होता। गुदा विदार (परिकर्तिका या फिशर) में गुदा की भीतरी त्वचा में दरार पड़ जाती है, जिससे मल त्याग के समय तेज, चुभने वाला दर्द होता है और कभी-कभी खून की लकीर दिखती है। भगंदर (फिस्टुला) में गुदा के भीतर से बाहर की त्वचा तक एक असामान्य नली बन जाती है, जो प्रायः फोड़े के बाद होती है और बार-बार मवाद देती है। इनके अतिरिक्त गुद पिडिका (गुदा के पास फोड़ा), गुदभ्रंश, पाइलोनिडल साइनस, मलाशय के पॉलिप, गुदा संकीर्णता, मल असंयम, पुरानी कब्ज और आंतों की सूजन की बीमारी भी इसी क्षेत्र के रोग हैं। प्रत्येक का उपचार भिन्न है, इसलिए बिना जांच के किया गया उपचार लाभ के स्थान पर हानि पहुंचा सकता है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, सेक्टर 05-डी, माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड परिसर, पंचकूला, हरियाणा के शल्य तंत्र ओपीडी में चिकित्सा विशेषज्ञ जांच, परामर्श और आवश्यकता पड़ने पर शल्य चिकित्सा के लिए तत्पर हैं। ओपीडी का समय प्रातः 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक है। संकोच छोड़कर आइए, अपने प्रश्न पूछिए।
इन लक्षणों की अनदेखी न करें
गुदा से रक्तस्राव सदैव बवासीर के कारण नहीं होता, यह मलाशय या गुदा के कैंसर का भी प्रारंभिक लक्षण हो सकता है। यदि मल के साथ गहरे रंग का रक्त आए, मल त्याग की आदत में लंबे समय तक बदलाव रहे, पेट साफ न होने का एहसास हो, मल पतला आए, बिना कारण वजन घटे, या थकान और खून की कमी रहे, तो इन्हें बवासीर समझकर न टालें और शीघ्र चिकित्सक से मिलें। दर्द, सूजन, खुजली, बार-बार फोड़े-फुंसी या गुदा से स्राव भी जांच के लिए पर्याप्त कारण हैं।
किन्हें अधिक सतर्क रहना चाहिए
आयु बढ़ने के साथ गंभीर रोग की संभावना बढ़ती है, इसलिए 40 वर्ष के बाद विशेष सतर्कता आवश्यक है। परिवार में आंत के कैंसर का इतिहास होने पर युवाओं को भी सावधान रहना चाहिए। धूम्रपान, शराब, मैदा और जंक फूड का सेवन, कम रेशेयुक्त आहार, लंबे समय तक बैठे रहना और मोटापा जोखिम बढ़ाते हैं। गर्भावस्था और प्रसव के बाद महिलाओं में बवासीर, फिशर तथा श्रोणि तल की कमजोरी की संभावना रहती है, जबकि पाइलोनिडल साइनस पुरुषों में अधिक पाया जाता है। एक सरल शारीरिक परीक्षण और आवश्यकता होने पर दूरबीन या अन्य जांचें सामान्य और गंभीर रोग का भेद स्पष्ट कर देती हैं। अनदेखी से रोग समाप्त नहीं होता, जबकि समय पर परामर्श से उपचार सरल हो जाता है।
आहार : क्या लें, क्या न लें
अधिकांश गुदा रोगों की शुरुआत कठोर मल और शौच में जोर लगाने से होती है, और इसके उपचार की पहली सीढ़ी आपकी रसोई में है। आहार में रेशे की मात्रा बढ़ाएं, चोकर सहित आटे की रोटी, दलिया, ओट्स, अंकुरित अनाज, दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां, सलाद तथा पपीता, अमरूद, केला और सेब जैसे फल लें। भोजन के साथ छाछ और दिन भर में लगभग तीन लीटर पानी पीएं, यदि चिकित्सक ने तरल पर रोक न लगाई हो। रात को इसबगोल की भूसी या त्रिफला कई रोगियों को लाभ देता है, परंतु इसे वैद्य की सलाह से ही लें। अधिक मिर्च-मसाले, तले-भुने पदार्थ, मैदा, बेकरी उत्पाद, अधिक मात्रा में लाल मांस तथा चाय, कॉफी और शराब का अधिक सेवन समस्या बढ़ाता है, इसलिए इनसे बचें।
दिनचर्या में क्या करें
नियमित दिनचर्या भी उतनी ही आवश्यक है। प्रतिदिन कम से कम तीस मिनट टहलें तथा पवनमुक्तासन और वज्रासन जैसे योगासन करें। मल-मूत्र का वेग आने पर तुरंत निवृत्त हों, उसे रोकें नहीं। शौचालय में अधिक देर न बैठें, जोर न लगाएं और मोबाइल फोन साथ न ले जाएं। दर्द की स्थिति में गुनगुने पानी के टब में कुछ मिनट बैठने से राहत मिलती है। लंबे समय तक बैठकर काम करने के बीच थोड़ा चलते रहें, वजन नियंत्रित रखें और भारी वजन उठाने से बचें।
आयुर्वेद की शल्य परंपरा और क्षार सूत्र
आयुर्वेद की शल्य शाखा, शल्य तंत्र, के प्रणेता आचार्य सुश्रुत ने हजारों वर्ष पूर्व अर्श, परिकर्तिका और भगंदर का वर्णन तथा उनकी चिकित्सा का विधान किया था। इसी परंपरा को आधुनिक निदान पद्धतियों के साथ आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला का शल्य तंत्र विभाग आगे बढ़ा रहा है। आयुर्वेद की सबसे प्रसिद्ध देन क्षार सूत्र चिकित्सा है। इसमें विशेष औषधियों से तैयार धागे को भगंदर की नली में बांधा जाता है, जो धीरे-धीरे नली को साफ करते हुए काटता है, जबकि घाव भीतर से भरता जाता है। यह पद्धति अक्सर बड़े ऑपरेशन की आवश्यकता को कम कर देती है, इसमें रोग के पुनः होने की दर कम मानी जाती है और अधिकांश रोगी शीघ्र अपनी दिनचर्या में लौट पाते हैं। विश्वभर में मान्य यह चिकित्सा भगंदर सहित अनेक गुदा रोगों में उपयोगी है।
एक ही विभाग में अनेक रोगों का उपचार
विभाग में आयुर्वेदिक प्रबंधन प्रोटोकॉल के साथ जलौका अवचारण (लीच थेरेपी), अग्निकर्म, मर्म चिकित्सा और कपिंग जैसी पराशल्य क्रियाओं तथा आवश्यकता पड़ने पर शल्य चिकित्सा द्वारा उपचार किया जाता है। गुदा रोगों के अतिरिक्त यहाँ सामान्य शल्य रोगों, जैसे यकृत-पित्त संबंधी विकार, पाचन संबंधी विकार, फोड़े, पुराने और मधुमेहजन्य घाव तथा न भरने वाले अल्सर; अस्थि रोगों, जैसे जोड़ों और कमर का दर्द, अस्थिभंग, मोच और खेल की चोटें, फिजियोथेरेपी व पुनर्वास सहित; तथा मूत्र रोगों, जैसे पथरी, बढ़ी हुई प्रोस्टेट, मूत्र असंयम, मूत्रमार्ग संकीर्णता और पुरुष बाँझपन की भी चिकित्सा की जाती है।
जांच में विलंब न करें
यदि रक्तस्राव, दर्द, सूजन, स्राव या मल की आदत में परिवर्तन दो सप्ताह से अधिक बना रहे, तो जांच अवश्य कराएं। स्वयं दवा लेने या अनुमान लगाने के स्थान पर विशेषज्ञ से परामर्श करें। यह भी याद रखें कि गुदा रोग न कमजोरी की निशानी हैं, न स्वच्छता की कमी की; ये आम रोग हैं, जो किसी को भी हो सकते हैं और किसी अन्य रोग की तरह ही ध्यान के योग्य हैं। समय पर परामर्श का अर्थ प्रायः सरल उपचार, शीघ्र आराम और किसी गंभीर रोग की स्थिति में ठीक होने की बेहतर संभावना है।













Total Users : 456794
Total views : 722582