August 29, 2026 11:10 am

August 29, 2026 11:10 am

मोहाली में SSP ऑफिस परिसर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत, गैंगवार की आशंका

मोहाली: पंजाब के मोहाली में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब SSP ऑफिस परिसर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावरों ने करीब 13 राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे प्रशासनिक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान गुरप्रीत के रूप में हुई है, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत अपने पुराने NDPS (नारकोटिक्स) केस की सुनवाई के सिलसिले में कोर्ट आया हुआ था। उल्लेखनीय है कि मोहाली में SSP ऑफिस, DC ऑफिस और कोर्ट परिसर एक ही इमारत में स्थित हैं। इसी दौरान हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद नजदीक से अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे गुरप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलियों की आवाज सुनते ही परिसर में मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। पुलिस कर्मियों और आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घायल अवस्था में गुरप्रीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गैंगवार या पुरानी रंजिश की आशंका
सूत्रों के अनुसार, इस हत्या के पीछे गैंगवार या पुरानी आपराधिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। गुरप्रीत का आपराधिक बैकग्राउंड रहा है और वह पहले भी NDPS सहित अन्य मामलों में नामजद रह चुका था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह हत्या किसी पुरानी दुश्मनी का परिणाम तो नहीं है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना ने प्रशासनिक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। SSP और DC ऑफिस जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में दिनदहाड़े 13 राउंड फायरिंग होना सुरक्षा तंत्र की बड़ी चूक मानी जा रही है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर को सील कर दिया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल, मोहाली में इस सनसनीखेज वारदात के बाद लोगों में भय का माहौल है और प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 2 8 6
Total Users : 400286
Total views : 645888

शहर चुनें