जालंधर, 12 फरवरी। आम लोगों से सीधा संवाद बनाए रखने की अपनी मुहिम के तहत पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान एक महीने में दूसरी बार जालंधर पहुंचे। उन्होंने अपने निवास स्थान पर ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लोक मिलनी’ एक ही प्लेटफॉर्म पर जनता की शिकायतों के निपटारे का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब देश का एकमात्र राज्य है, जहां राज्य का मुखिया स्वयं लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है। यह पहल सरकार और जनता के बीच एक मजबूत पुल का काम कर रही है, जिससे जवाबदेह और पारदर्शी शासन को बढ़ावा मिल रहा है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की हर समस्या के समाधान के लिए कार्य कर रही है। ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम राजनीति से ऊपर उठकर जनहित में शुरू की गई एक अनोखी पहल है, जिसका उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद की खाई को पाटना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल से न केवल लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, बल्कि अधिकारियों की कार्यक्षमता का भी आकलन किया जा रहा है। उन्होंने इसे पंजाब के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि ऐसी नागरिक-केंद्रित पहल देश में कहीं और देखने को नहीं मिलती।
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवाओं को बिना सिफारिश और भ्रष्टाचार के 63 हजार से अधिक नौकरियां दी गई हैं। शिक्षा क्षेत्र में सुधारों के तहत ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ स्थापित किए गए हैं, जहां स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक लैब और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शिक्षकों को विदेशों में प्रशिक्षण देकर आधुनिक शिक्षा पद्धतियों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि नेशनल अचीवमेंट सर्वे में पंजाब ने केरल को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की पहलों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य के 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज दिया जा रहा है। इस योजना में अब सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी भी शामिल हैं। राज्य भर में 881 आम आदमी क्लीनिक रोजाना मुफ्त इलाज और दवाइयां प्रदान कर रहे हैं।
किसानों के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि धान सीजन के दौरान ट्यूबवेलों को दिन में भी आठ घंटे से अधिक निर्बाध बिजली दी जा रही है। नहरों और जलमार्गों के पुनर्जीवन से टेल तक के किसानों को नहरी पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में 49 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जनता को राहत देते हुए 19 टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे रोजाना करीब 64 लाख रुपये की बचत हो रही है।
अंत में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये देने की योजना भी जल्द लागू करेगी, जिसके लिए आगामी बजट में प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार का एकमात्र एजेंडा पंजाब की तरक्की और जनता की खुशहाली सुनिश्चित करना है।










Total Users : 291148
Total views : 493330