तेहरान/यरुशलम/वॉशिंगटन: इजराइल ने शनिवार तड़के ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमले किए। इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने इसे “प्रिवेंटिव अटैक” यानी रोकथाम के लिए किया गया हमला बताया है। भारतीय समयानुसार सुबह हुए हमलों के बाद तेहरान में कई जगहों पर जोरदार धमाके सुने गए और शहर के बीच व पूर्वी हिस्सों में धुएं के गुबार उठते देखे गए।
फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक धमाकों के स्वरूप से मिसाइल हमले की आशंका जताई गई है। हमलों के बाद इजराइल ने अपना एयरस्पेस आम उड़ानों के लिए बंद कर दिया है।
खाड़ी देशों में भी धमाकों की गूंज, एयरस्पेस बंद
हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में भी तनाव फैल गया।
अबू धाबी, मनामा, कुवैत और कतर से धमाकों और अलर्ट की खबरें आईं।
कतर के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि पैट्रियट डिफेंस सिस्टम ने एक ईरानी मिसाइल को हवा में ही ध्वस्त कर दिया। बहरीन में इमरजेंसी अलर्ट जारी कर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई।
रूस का अमेरिका पर आरोप
रूस की सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी चेयरमैन दिमित्री मेदवेदेव ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि उसने ईरान के साथ न्यूक्लियर वार्ता को “कवर ऑपरेशन” की तरह इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि शांति की आड़ में सैन्य कार्रवाई की गई है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी माने जाने वाले मेदवेदेव ने इसे अमेरिका का “असली चेहरा” बताया।
ट्रंप की चेतावनी – “हथियार डालो या मौत का सामना करो”
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों को “जरूरी मिशन” बताया। उन्होंने कहा कि ईरान अमेरिका तक पहुंचने वाली मिसाइल और परमाणु क्षमता विकसित कर रहा था।
ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व को चेतावनी देते हुए कहा कि वे हथियार डाल दें, वरना गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। फ्लोरिडा से जारी वीडियो संदेश में उन्होंने ईरानी नागरिकों से अपनी सरकार के खिलाफ खड़े होने की अपील भी की।
ईरान का पलटवार, इजराइल में सायरन
इजराइली सेना के मुताबिक ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइलें दागीं। देश के कई हिस्सों में सायरन बज उठे।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह हमला “अस्तित्व के खतरे को खत्म करने” के लिए किया गया है।
वहीं ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को सुरक्षा कारणों से तेहरान से सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किए जाने की खबर है। खामेनेई के आवास के आसपास सड़कों को बंद कर दिया गया है।
रजा पहलवी का बयान – “आखिरी जीत करीब”
ईरान के अंतिम शाह के बेटे रजा पहलवी ने ऑनलाइन वीडियो संदेश जारी कर इस्लामिक रिपब्लिक के खिलाफ “आखिरी जीत” का दावा किया। उन्होंने ईरानी नागरिकों से फिलहाल घरों में सुरक्षित रहने और सही समय पर सड़कों पर उतरने की अपील की।
एयर इंडिया की उड़ान प्रभावित
तेल अवीव से नई दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-140 के यात्रियों को सायरन बजने के बाद बम शेल्टर में जाना पड़ा। एयरलाइन ने एहतियातन इस रूट की उड़ानें एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का फैसला किया है।
पूरे क्षेत्र में आपात हालात
इजराइल ने देशभर में इमरजेंसी घोषित कर शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है और सार्वजनिक जमावड़ों पर रोक लगा दी है।
ईरान की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान सीमित हैं, लेकिन राजधानी तेहरान समेत उत्तरी इलाकों में सैन्य गतिविधि तेज कर दी गई है।
मिडिल ईस्ट में तेजी से बदलते हालात के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि यह टकराव सीमित रहेगा या व्यापक क्षेत्रीय युद्ध का रूप लेगा।











Total Users : 291327
Total views : 493621