September 20, 2026 1:36 pm

September 20, 2026 1:36 pm

दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार से, 8 जनवरी तक चलेगा; एलजी के अभिभाषण से होगी शुरुआत

प्रदूषण, फांसी घर, शीश महल और विभिन्न विभागों की कैग रिपोर्टों पर होगी विस्तृत बहस

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होकर 8 जनवरी तक चलेगा। सत्र के पहले दिन उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के अभिभाषण से कार्यवाही की शुरुआत होगी। इसके बाद उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी। सत्र के दौरान नियम-280, शून्यकाल और प्रश्नकाल में विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को सदन में उठाएंगे।
दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि सरकार की ओर से दिल्ली के प्रदूषण को लेकर विशेष प्रस्ताव लाया जाएगा। इस प्रस्ताव के तहत राजधानी में पिछले 20 वर्षों के वायु प्रदूषण की स्थिति, वैज्ञानिक रिपोर्टें, कमियां और भविष्य की कार्ययोजना सदन के पटल पर रखी जाएंगी। इस मुद्दे पर सभी पक्षों को खुलकर अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तथाकथित फांसी घर के मामले पर भी विधानसभा में चर्चा कराई जाएगी, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल के शीश महल से संबंधित रिपोर्ट भी सदन में पेश की जाएगी। विभिन्न विभागों से जुड़ी कैग रिपोर्टों को भी इस सत्र में टेबल करने की तैयारी है।
मोहन सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में लगभग सभी विभागों में घोटाले हुए, जिनका खुलासा कैग रिपोर्टों के जरिए होगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विधानसभा में पेश की गई कैग रिपोर्टों ने केजरीवाल सरकार के समय हुए कथित घोटालों की पोल खोली थी।
विधानसभा में फांसी घर के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के आसार हैं। उपाध्यक्ष ने बताया कि कार्य मंत्रणा समिति ने इस विषय पर शीतकालीन सत्र में चर्चा कराने का निर्णय लिया है, ताकि पूरे मामले पर तथ्यात्मक और व्यवस्थित बहस हो सके। शुक्रवार को हुई कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में इस मुद्दे पर आगामी संसदीय कार्यवाही की रूपरेखा तय कर ली गई है।
समिति ने निर्णय लिया है कि 9 अगस्त 2022 को विधानसभा परिसर में उद्घाटन किए गए फांसी घर की प्रामाणिकता से जुड़े विषय को आठवीं विधानसभा के चौथे सत्र में सदन के पटल पर रखा जाएगा। कार्य मंत्रणा समिति के अध्यक्ष और भाजपा विधायक प्रद्युम्न सिंह राजपूत ने बताया कि यह मामला पहले विशेषाधिकार समिति को जांच के लिए सौंपा गया था। जांच पूरी होने के बाद अब इस पर सदन में विस्तृत चर्चा की जाएगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 7 0 1 6
Total Users : 417016
Total views : 668289

शहर चुनें