नई दिल्ली – संसद में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत के टेलीकॉम सेक्टर में ऐतिहासिक प्रगति का विवरण पेश किया और बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश वैश्विक टेलीकॉम शक्ति बन चुका है।
सिंधिया ने कहा कि बीएसएनएल के निजीकरण का कोई सवाल नहीं है, और यह संस्थान जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। उन्होंने बताया कि जहां एक समय डेटा की औसत कीमत 290 रुपये थी, वह अब घटकर केवल 8 रुपये रह गई है, यानी लगभग 97% कमी। इसके अलावा, 5G नेटवर्क अब देश के 99.9% जिलों में उपलब्ध है, और 120 करोड़ उपभोक्ताओं में से 40 करोड़ लोग 5G सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में BSNL
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि BSNL ने 18 वर्षों के बाद पहली बार 2024-25 में लगातार दो तिमाहियों में 280 करोड़ और 262 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। जून 2024 में BSNL के उपभोक्ताओं की संख्या 8.5 करोड़ से बढ़कर 9.27 करोड़ हो गई है। राजस्थान में BTS अपटाइम भी 92% से बढ़कर 97% हो गया है, जो सेवा गुणवत्ता में सुधार को दर्शाता है।
सीमावर्ती गांवों में डिजिटल क्रांति
सिंधिया ने बताया कि वर्ष 2014 में केवल 42% सीमावर्ती गांवों में टेलीकॉम सुविधा उपलब्ध थी, जो अब बढ़कर 98% हो गई है। 17,222 गांवों को कनेक्टिविटी से जोड़ा जा चुका है। राजस्थान में 1,285 गांवों में सेवा उपलब्ध है और शेष को 4G सैचुरेशन योजना के तहत कवर किया जा रहा है।
सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में नियमों में बदलाव किए हैं, जैसे सिग्नल फेड-आउट क्लॉज हटाना, डिस्टेंस प्रतिबंधों में ढील, और राइट ऑफ वे नियमों को सरल बनाना।
वाइब्रेंट विलेज और स्वदेशी 4G स्टैक
सिंधिया ने बताया कि ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना के तहत सीमावर्ती गांवों को डिजिटल रूप से विकसित किया जा रहा है। उत्तराखंड में 705 में से 684 गांवों में कनेक्टिविटी उपलब्ध हो चुकी है। इसके अलावा, भारत ने पहली बार स्वदेशी 4G टेलीकॉम स्टैक विकसित किया है और BSNL के माध्यम से 1 लाख स्वदेशी 4G टावर स्थापित किए जा चुके हैं। आने वाले समय में 22,000 और टावर लगाए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत अब केवल टेलीकॉम सेवाओं का उपभोक्ता नहीं, बल्कि उपकरण निर्माण में भी अग्रणी बनने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वदेशी तकनीक के माध्यम से 5G सेवाएं और अधिक मजबूत रूप में देशभर में उपलब्ध होंगी।














Total Users : 349192
Total views : 576516