August 30, 2026 7:28 pm

August 30, 2026 7:28 pm

हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय से “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ

मनरेगा के मूल स्वरूप से कोई समझौता नहीं होगा : कांग्रेस

चंडीगढ़, 05 जनवरी 2026। भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा के मूल स्वरूप को कमजोर और बदलने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय से “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर गरीब, ग्रामीण और वंचित वर्ग विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) वर्ष 2005 में यूपीए सरकार द्वारा लागू किया गया एक ऐतिहासिक कानून है, जिसने प्रत्येक ग्रामीण परिवार को प्रतिवर्ष न्यूनतम 100 दिन के रोजगार का कानूनी अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ और गरीबों की जीवनरेखा है। भाजपा सरकार इसे कमजोर करने पर तुली हुई है, जिसके विरोध में कांग्रेस हाईकमान के निर्देशानुसार हर स्तर पर आंदोलन करेगी।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 5–6 वर्षों से केंद्र सरकार लगातार मनरेगा को कमजोर करने के प्रयास कर रही है। ग्रामीण रोजगार सुनिश्चित करने और मनरेगा के मूल उद्देश्य की रक्षा के लिए कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर “मनरेगा बचाओ अभियान” शुरू किया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गरीब व वंचित वर्ग के जीवन स्तर को सुधारने का सशक्त औजार है।
राव नरेंद्र सिंह ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इसके तहत पीसीसी स्तर पर तैयारी बैठकें, जिला स्तरीय प्रेस वार्ताएं, एक दिवसीय उपवास और प्रतीकात्मक विरोध, पंचायत स्तर पर जनसंपर्क, वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरने, जिला स्तरीय प्रदर्शन, राज्य स्तर पर विधानसभा घेराव और क्षेत्रीय रैलियों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर उस पीड़ित तक पहुंचेगी, जो मनरेगा के स्वरूप में बदलाव से प्रभावित हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि फंड में कटौती, मजदूरी भुगतान में देरी, काम के दिनों में कमी और मनमाने प्रतिबंधों के कारण गरीब, दलित, आदिवासी, महिलाएं और अन्य वंचित वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी रिपोर्टों के अनुसार 60 प्रतिशत से अधिक मामलों में मनरेगा मजदूरी भुगतान में देरी हो रही है, जिसके गंभीर दुष्परिणाम आने वाले समय में सामने आएंगे। कांग्रेस मनरेगा के मूल स्वरूप से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा का स्वरूप बदलकर भाजपा सरकार ग्रामीण, गरीब, दलित, महिला और वंचित समाज की थाली से निवाला छीनने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने यह योजना बहुत सोच-समझकर बनाई थी ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और महिलाओं को घर के पास रोजगार उपलब्ध हो सके, लेकिन भाजपा को यह स्वीकार नहीं कि गरीब सम्मानपूर्वक दो वक्त की रोटी कमा सके।
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मनरेगा को खत्म या कमजोर करना भाजपा की तानाशाही मानसिकता का प्रमाण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल नाम बदलने का मामला नहीं, बल्कि योजना का स्वरूप बदलकर जरूरतमंदों के अधिकार छीनने की साजिश है। कांग्रेस इस प्रयास को कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर इस अभियान को सफल बनाएं और गरीबों को उनका हक दिलाने की लड़ाई को मजबूती दें।
इस दौरान हरियाणा में होने वाले तीन जिलों के नगर निगम चुनावों पर भी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस निगम चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और अपनी निर्माणात्मक नीतियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। पार्टी को पूरा विश्वास है कि आगामी निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत होगी।
इस अवसर पर सांसद एवं कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी धर्मपाल सिंह मालिक, चौधरी उदय भान, चौधरी रामकिशन गुर्जर, जितेंद्र कुमार भारद्वाज, सुरेश गुप्ता, सांसद वरुण चौधरी, सतपाल ब्रह्मचारी, जयप्रकाश, विधायक चौधरी निर्मल सिंह, भरत भूषण बत्रा, चौधरी आफताब अहमद, परमवीर सिंह, मोहम्मद इजराईल, अशोक अरोड़ा, अकरम खान, विधायक चंद्रमोहन, कुलदीप वत्स, विधायिका शैली चौधरी, पूजा चौधरी, गीता भूक्कल, शकुंतला खटक, सरदार जरनैल सिंह, चंद्रप्रकाश, इंदुराज नरवाल, बलवान सिंह दौलतपुरिया, बलवान दांगी, जस्सी पेटवाड़, देवेंद्र हंस, रघुबीर सिंह तेवतिया, नरेश सेलवाल, राम करण काला, रोहित चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा एआईसीसी भूतपूर्व सैनिक विभाग के चेयरमैन, हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, मीडिया इंचार्ज संजीव भारद्वाज, डॉ. पूनम चौहान, हरियाणा कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष मनोज बागरी, अनुसूचित विभाग हरियाणा कांग्रेस के चेयरमैन फोम लाल, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन हरियाणा के चेयरमैन सहित कांग्रेस संगठन के सभी प्रमुख पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 1 2 0 8
Total Users : 401208
Total views : 647136

शहर चुनें